शहर के होनहारों ने फिर गाड़े झंडे
Source: Dainik Bhaskar News | Last Updated 05:15(10/02/12)
जोधपुर. द इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया की ओर से गुरुवार को इंटीग्रेटेड प्रोफेशनल कम्पीटेंसी एग्जाम (आईपीसीई) व प्रोफेशनल कम्पीटेंसी एग्जाम (पीसीई) के परिणाम घोषित किए गए है। जोधपुर के प्रतीक लूंकड़ व सरिता परिहार ने इन परीक्षाओं की मेरिट लिस्ट में स्थान बनाया है।
इंस्टीट्यूट के जोधपुर चैप्टर अध्यक्ष वीपी डागा ने बताया कि आईपीसीई में जोधपुर से कुल 1988 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी थी। प्रथम ग्रुप में 454 व दूसरे ग्रुप में 310 अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल की। वहीं दोनों ग्रुप में 88 अभ्यर्थी सफल रहे। उधर, पीसीई में 378 अभ्यर्थी शामिल हुए थे।
पहले ग्रुप में 59 व दूसरे ग्रुप में 96 अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल की और दोनों ग्रुप में 32 अभ्यर्थी उत्तीर्ण रहे। डागा ने कहा कि इस बार के परिणामों में भी जोधपुर का रुतबा कायम रहा है। आईपीसीई में प्रतीक लूंकड़ व पीसीई में जोधपुर की सरिता परिहार ने मेरिट में स्थान बनाया है।