राज्यदिल्ली
मध्य प्रदेश
राजस्थान
छत्तीसगढ़
हिमाचल
पंजाब
हरियाणा
चंडीगढ़
उत्तर प्रदेश
बिहार
झारखंड
महाराष्ट्र
गुजरात
जम्मू-कश्मीर
रक्तदान करने वाले को मुफ्त धार्मिक यात्रा
पूनमचंद विश्नोई
| Feb 17, 2013, 02:35AM IST
जोधपुर. रक्तदान को बढ़ावा देने के लिए मारवाड़ मुस्लिम एजुकेशनल एंड वेलफेयर सोसायटी का अभियान अनूठा है। सोसायटी हर साल एक रक्तदाता को धार्मिक यात्रा पर भेजती है। इसका चयन लॉटरी से किया जाता है। इसमें मुस्लिम रक्तदाता को मक्का मदीना की उमराह यात्रा करवाई जाती है।
अगर यह लॉटरी हिंदू, सिख व ईसाई रक्तदाता के नाम खुलती है, तो उसकी इच्छानुसार निर्णय लिया जाता है। वह जिस धर्म स्थल की यात्रा करना चाहे, उसे यात्रा खर्च या फिर उतनी नकद राशि दी जाती है। इस साल पाल लिंक रोड मरुधर नगर निवासी मोहम्मद शफीक खान अपने परिजनों के साथ मक्का मदीना की उमराह यात्रा पर जा सकेंगे।
शफीक बताते हैं कि रक्तदान तो किसी की जान बचाने के लिए किया था। नहीं पता था कि उमराह का सपना भी सच होगा।
पिछले वर्ष यह लॉटरी भोपालगढ़ के आसोप गांव निवासी महेंद्र कुमार के नाम खुली थी। उसने धार्मिक यात्रा पर जाने की बजाय इनाम में मिले 17 हजार रुपयों से बीएससी नर्सिग कक्षा की कॉलेज फीस भरी। महेंद्र ने बताया कि उसके लिए पढ़ाई किसी धार्मिक यात्रा से कम नहीं है। मैंने किसी यात्रा पर जाने के मकसद से ब्लड डोनेट नहीं किया था।
सोसायटी ने ब्लड डोनेशन कैंप लगाने के लिए अलग से एक संस्था रहमतुल लिल्आलमीन ब्लड डोनर्स कैंपेन बना रखी है। इसके बैनर तले रक्तदान को बढ़ावा देने की यह मुहिम वर्ष 2005 में शुरू की गई थी। सोसायटी के सीईओ मोहम्मद अतीक बताते हैं कि कुरआन में बताया गया है कि खून देकर किसी की जान बचाना सारे इंसानों को बचाने के बराबर है।
संयोजक फिरोज अहमद काजी खुद 35 बार ब्लड डोनेट कर चुके हैं। वे बताते हैं कि शुरुआत में रक्तदान को लेकर लोगों में भ्रांतियां थीं। धीरे-धीरे युवाओं का रुझान बढ़ा। फिर ब्लड डोनरों को मोटिवेट करने के लिए धार्मिक यात्रा की यह स्कीम चलाई गई। को-ऑर्डिनेटर एजे खान कहते हैं कि ये ब्लड डोनेशन कैंप ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर आयोजित किए जाते हैं और इसी दिन लॉटरी निकाली जाती है।






