'पहले सत्ता में आएं, फिर सोचेंगे कौन होगा सीएम'
Source: Bhaskar News | Last Updated 00:36(30/01/12)
जोधपुर.पूर्व केंद्रीय मंत्री व भाजपा नेता मेनका गांधी ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में उनकी पार्टी सत्ता की दौड़ में है। वहां पार्टी पहले सत्ता में आए, उसके बाद सीएम की बात सोचेंगे।
रविवार शाम जोधपुर पहुंचीं मेनका ने एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत में कहा कि उत्तर प्रदेश के चुनावों में पार्टी ने राम मंदिर मुद्दे को भी शामिल किया है यह ठीक है, लेकिन प्रदेश में बेरोजगारी दूर करना और लोगों की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ करना पहली प्राथमिकता होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि वे चुनाव प्रचार में हिस्सा ले रही हैं, लेकिन अपने निर्वाचन क्षेत्र तक ही सीमित हैं। अन्ना हजारे की मुहिम के बारे में उन्होंने कहा कि अन्ना ने भ्रष्टाचार के विरुद्ध बेड़ा उठाया है, इसकी खुशी है।
राहुल पर चुप, वरुण पर बोलीं
मेनका से पत्रकारों ने राहुल गांधी को पीएम प्रोजेक्ट करने की चर्चा के बारे में पूछा तो वे चुप्पी साधे रहीं। वहीं, जब उनके पुत्र वरुण के राजनीतिक भविष्य को लेकर सवाल किया तो बोलीं, वरुण स्वयं अपना भविष्य संवार लेंगे।
वन्यजीवों को लेकर कड़ा कानून बने :
राजस्थान में वन्यजीवों के शिकार की लगातार बढ़ती घटनाओं पर मेनका ने चिंता जताते हुए कहा कि देश, विशेषकर राजस्थान में वन्यजीवों पर हो रहे अत्याचार को लेकर उन्होंने सरकार को 15 बार कार्रवाई के लिए लिखा है।
उनका कहना था कि सरकार को ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कड़े कानून बनाने की जरूरत है, ताकि तुरंत व कड़ी कार्रवाई हो सके। मेनका ने आरोप लगाया कि वन्यजीवों को लेकर सरकार गंभीर नहीं है। सरकार ने पशु बचाने व वन्यजीवों के संरक्षण का अनुबंध तो विदेशी कंपनियों को दे रखा है, जो इसके बारे में न तो सोच रखते हैं और ना ही गंभीरता से कार्य कर रहे हैं।