आयकर रिफंड के नाम पर धोखाधड़ी
Source: कमल वैष्णव | Last Updated 04:59(10/02/12)
जोधपुर. इनकम टैक्स रिफंड के नाम पर ई-मेल भेज कर धोखाधड़ी के मामले इन दिनों बढ़ गए हैं। इन ई-मेल में रिफंड का झांसा दिया जा रहा है और लोग इनके चंगुल में फंसकर हजारों रुपए गवां चुके हैं। वास्तविकता यह है कि आयकर विभाग कभी ई-मेल के माध्यम से व्यक्तिगत जानकारियां नहीं मांगता है।
ऐसा ही एक उदाहरण भास्कर के के सामने आया है। शहर में प्रॉपर्टी डीलर सुशील बोड़ा को 3 फरवरी को एक ई-मेल मिला। यह मेल दिखने में विभाग की ओर से भेजा गया लग रहा था, जिसमें उनके नाम से 34,120.05 रुपए का रिफंड बनना बताया गया।
रिफंड राशि प्राप्त करने के लिए बोड़ा को इस ई-मेल में दिए गए लिंक पर जाकर फॉर्म भरने की सलाह दी गई। बोड़ा ने इस पर क्लिक कर फॉर्म भरा, तो उसी दौरान उनके बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी भी भरने के निर्देश दिए गए। बोड़ा को इस पर संदेह हुआ और उन्होंने विशेषज्ञों की सलाह ली। इस तरह वे बड़े नुकसान से बच गए।
कैसे होती है धोखाधड़ी : इंटरनेट पर धोखाधड़ी करने वाले शातिर विभागीय वेबसाइट की हू-ब-हू नकल तैयार करते हैं। इसे किसी अन्य सर्वर पर डालकर इसका लिंक लोगों को ई-मेल के माध्यम से भेजते हैं। नासमझी या लालच में लोग उस लिंक पर क्लिक करते हैं और वहां उन्हें डुप्लीकेट वेबसाइट दिखती है।
लोग इसे समझ नहीं पाते और उनकी गोपनीय जानकारी हैकर्स के हाथों में पहुंच जाती है। कैसे पहचानें फिशिंग ई-मेल : इस ई-मेल की तहकीकात करने से महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई। इन बातों का ध्यान रखकर धोखाधड़ी से बचा जा सकता है। कंप्यूटर एक्सपर्ट लक्ष्मण जांगिड़ ने इन तथ्यों का खुलासा किया
फर्जी आईडी :refunds.portl1@incometaxindiafiling.gov.in
यह है अंतर : इनकम टैक्स डिपार्टमेंट का असली डोमेन/वेबसाइट incometaxindiaefiling.gov.in नाम से है। इन दोनों में अंतर केवल एक फाइलिंग/ईफाइलिंग ही है।
हकीकत CLICK HERE की : ई-मेल में दिए गए लिंक पर क्लिक करने पर जो वेबसाइट खुल रही है, उसका एड्रेस है http://www.oczyczarne.pl/site/wp-content/plugins/akismet/ j_defines.php?check=3&action=refund
असली वेबसाइट सिक्योर सर्वर पर
आयकर विभाग की ई-फाइलिंग और टीडीएस रिटर्न से संबंधित वेबसाइट सिक्योर सर्वर पर है। इसका पता वेबसाइट खोलने पर एड्रेस बार में देखने से लगता है। वेबसाइट एड्रेस की शुरुआतhttps:// से होती है। उदाहरण के लिए विभाग की ई-फाइलिंग वेबसाइट का एड्रेस https://incometaxindiaefiling.gov.in/portal/index.do है, वहीं, टीडीएस रिटर्न की वेबसाइट https://onlineservices.tin.nsdl.com/TIN/JSP/security/Login.jsp है। दूसरी ओर अधिकतर फर्जी वेबसाइट की शुरुआत में केवल http://होता है।