जोधपुर.
पहला कदम
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने आईपीएल कमिश्नर राजीव शुक्ला से बरकतुल्ला खां स्टेडियम देखने का विशेष आग्रह किया।
दूसरा कदम
आईपीएल कमिश्नर शुक्ला ने ऐलान किया- वे शुक्रवार को स्टेडियम का दौरा करेंगे। यहां आईपीएल मैच की संभावना तलाशेंगे।
तीसरा कदम
राजस्थान रॉयल्स ने बरकतुल्ला खां स्टेडियम को आईपीएल के लिए अनुकूल बताया। सीएम से फ्लड लाइट लगाने की मांग की।
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के कमिश्नर राजीव शुक्ला ने कहा है कि वे जोधपुर में आईपीएल मैच की संभावना तलाशेंगे।
आईपीएल की दो दिवसीय वर्कशॉप में भाग लेने के लिए गुरुवार को जोधपुर पहुंचे शुक्ला ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने खास तौर से आग्रह किया है कि जोधपुर के बरकतुल्लाह खान स्टेडियम का मुआयना करें, ताकि यहां पर आईपीएल और अन्य मैच हो सके।
इसके लिए वे शुक्रवार को बरकतुल्लाह खान स्टेडियम का दौरा करेंगे। उन्होंने बताया कि आईपीएल की सभी टीमों को नियमों और आयोजन संबंधी सभी जानकारी देने के लिए इस वर्कशॉप का आयोजन किया गया है।
इस बार आईपीएल का पहला मैच कोलकाता में : शुक्ला ने कहा कि पिछली बार की चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स टीम है, इसलिए इस बार आईपीएल का पहला मैच कोलकाता में होगा।
शुक्ला ने आईपीएल के व्यावसायिक होने की बात को नकारते हुए कहा कि इस लीग से जहां क्रिकेट खिलाडिय़ों को फायदा हुआ है, वहीं नए शहरों में नए स्टेडियम बन रहे हैं और खिलाडिय़ों को उच्च स्तरीय सुविधाएं मिल रही हैं।
लीग में क्रिकेट का रोमांच देखने को मिलता है और नई प्रतिभाएं सामने आती हैं। लीग में खेलने वाली सभी टीमों के मालिक आयकर देते हैं, किसी तरह की कर चोरी का कोई सवाल ही नहीं है।