लाल बत्ती लगी कार को लूटा
Source: Dainik Bhaskar News | Last Updated 05:07(10/02/12)
जोधपुर. वीवीआईपी टूर पर जैसलमेर गई जयपुर मोटर गैराज लाल बत्ती लगी गाड़ी को सेखाला गांव के पास गुरुवार रात साढ़े नौ बजे पिस्टल की नोक पर लूट लिया गया। यह सरकारी सफारी कार गुरुवार को झारखंड विधानसभा अध्यक्ष को जैसलमेर छोड़ने के बाद जयपुर लौट रही थी।
बालेसर और देचू के बीच सेखाला गांव में पीछे से सफारी कार में सवार होकर आए चार युवक ओवरटेक के बाद ड्राइवर को पिस्टल दिखाकर गाड़ी ले भागे। सूचना पर शेरगढ़ पुलिस ने नाकाबंदी करवाई लेकिन देर रात तक कार व लुटेरों की कोई जानकारी नहीं मिल पाई।
शेरगढ़ सीआई आनंद सिंह ने बताया कि जयपुर मोटर गैराज की कार (आरजे 14 यूबी 0974 ) पर उस वक्त लगी लाल बत्ती बंद थी। ड्राइवर संजय जैन की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। उन्होंने बताया कि झारखंड के विधानसभा अध्यक्ष व उनके परिवार को जैसलमेर छोड़ने के बाद ड्राइवर जयपुर लौट रहा था।