अनपढ़ ने बचाई सैकड़ों यात्रियों की जान
Source: Dainik Bhaskar News | Last Updated 05:20(10/02/12)
जोधपुर. जोधपुर-अबोहर पैसेंजर ट्रेन गुरुवार शाम दुर्घटनाग्रस्त होने से बच गई। यह ट्रेन गुरुवार शाम करीब पौने छह बजे मेड़ता-बीकानेर रेलखंड के मूंडवा व खजवाना स्टेशन के बीच से गुजर रही थी। उस दौरान इन स्टेशनों के बीच ट्रैक में फ्रैक्चर था। यहां ट्रैक के पास बकरियां चरा रही पालड़ी जोड़ा निवासी महिला बिदामी पत्नी रामचंद्र ने इस फ्रैक्चर को देख लिया और ट्रेन को आता देख अपनी चुनरी हवा में लहराकर ट्रेन चालक को संकेत दिया।
चालक ने हवा में लहराती चुनरी को नहीं देखा लेकिन ट्रेन के गार्ड ने बिदामी को चुनरी लहराते देख लिया। इस पर ट्रेन को मूंडवा और खजवाना स्टेशन के बीच रुकवाया गया। ड्राइवर व गार्ड ने देखा तो ट्रैक में काफी बड़ा फ्रैक्चर था, लेकिन बिदामी की सूझबूझ से ट्रेन हादसा टल गया। उस वक्त ट्रेन काफी रफ्तार में थी। हादसा होता तो ट्रेन में सवार सैकड़ों यात्रियों की जान संकट में पड़ जाती। इत्तफाक से ट्रेन में ही गैंगमैन की टीम सवार थी। टीम ने महज 15 मिनट में ही ट्रैक को दुरुस्त कर दिया।