चुनरी लहराकर रोकी ट्रेन, सैकड़ों लोगों के लिए वह बनी 'भगवान'
Source: Bhaskar News | Last Updated 03:37(10/02/12)
जोधपुर. जोधपुर-अबोहर पैसेंजर ट्रेन को गुरुवार शाम करीब पौने छह बजे एक महिला ने दुर्घटनाग्रस्त होने से बचा लिया।
पालड़ी जोड़ा निवासी बिदामी नाम की इस महिला ने मूंडवा व खजवाना स्टेशन के बीच ट्रैक में फ्रैक्चर देखकर अपनी चुनरी हवा में लहराई और चालक को ट्रेन रोकने का संकेत दिया। चालक उसे नहीं देख पाया, लेकिन गार्ड ने बिदामी को चुनरी लहराते देख लिया। उन्होंने ट्रेन को रुकवा दिया।
इससे हादसा टल गया और सैकड़ों यात्रियों की जान बच गई। गार्ड और चालक ने देखा तो ट्रैक में बड़ा फ्रैक्चर था। करीब 15 मिनट में ट्रैक को दुरुस्त कर ट्रेन को रवाना किया गया।