राज्यदिल्ली
मध्य प्रदेश
राजस्थान
छत्तीसगढ़
हिमाचल
पंजाब
हरियाणा
चंडीगढ़
उत्तर प्रदेश
बिहार
झारखंड
महाराष्ट्र
गुजरात
जम्मू-कश्मीर
हादसे में किशोर की मौत, हाइवे जाम की आड़ में युवतियों से की छेड़छाड़!
Bhaskar News
| Aug 09, 2012, 05:03AM IST

मामले की जानकारी मिलने पर वहां पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने समझाइश व डंडे फटकार कर करीब डेढ़ घंटे बाद रास्ता खुलवाया। रास्ता जाम करने व हंगामा करने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार भी किया है। साथ ही घटना स्थल की वीडियो रिकॉर्डिग के आधार पर पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।
एडीसीपी (कानून व -व्यवस्था) ज्योतिस्वरूप शर्मा ने बताया कि भोपालगढ़ के गजसिंहपुरा निवासी घनश्याम खदाव (17) पुत्र राजूराम यहां पाली रोड स्थित तेजा हॉस्टल में रहकर निकट की अपेक्स स्कूल में 12वीं कक्षा का छात्र था। बुधवार दोपहर वह स्कूल से छुट्टी होने के बाद साइकिल से हॉस्टल लौट रहा था। रिक्तिया भैरूजी चौराहा से पाली रोड पर जाते समय उसकी साइकिल में कुछ खराबी आ गई। वह इसे ठीक करने के लिए सड़क किनारे खड़ा था, तभी बोरियों से भरी एक लोडिंग टैक्सी आई और उसे चपेट में ले लिया।
हादसे के बाद टैक्सी चालक गाड़ी भगा ले गया। लोगों ने घायल घनश्याम को तत्काल एमडीएम अस्पताल पहुंचाया, मगर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद टैक्सी चालक के नहीं पकड़े जाने पर लोग भड़क गए। तब तक तेजा हॉस्टल में रहने वाले युवक भी बड़ी संख्या में घटना स्थल पर पहुंच गए। इन लोगों ने रास्ते पर पत्थर रखकर हाइवे जाम कर दिया और प्रदर्शन करने लगे।
मामले की जानकारी मिलने के बाद एसीपी (पश्चिम) प्रीति जैन, शास्त्री नगर थानाधिकारी सुभाष शर्मा व कई अन्य थानों के एसएचओ व आरएसी मौके पर पहुंची। काफी समझाइश के बाद भी रास्ता नहीं खुला तो पुलिस ने उन्हें जबरन रास्ते से हटा दिया। हादसे के संबंध में दुर्घटना थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लोडिंग टैक्सी व इसके चालक की तलाश शुरू की है।
दूसरी ओर, हाइवे जाम करने पर शास्त्री नगर पुलिस ने मामला दर्ज कर लूणी थानांतर्गत नंदवाण निवासी खुमाराम पुत्र भंवराराम को गिरफ्तार किया। वहीं, हंगामा कर रहे चुन्नी लाल जाट, कपिल चौधरी और दिनेश चौधरी को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया गया।
युवतियों से छेड़खानी, बुजुर्गो से बदसलूकी :
रास्ता जाम कर विरोध प्रदर्शन कर रही भीड़ में शामिल कुछ युवकों ने राह चलती युवतियों से छेड़खानी और बुजुर्गो से बदसलूकी करनी शुरू कर दी। इसी दौरान मुख्य मार्ग पर पहुंची एयरफोर्स की कुछ गाड़ियों को भी उत्पाती युवकों ने रोक दिया। वायु सैनिकों ने गाड़ी वहां से निकालने का प्रयास किया तो एक- दो युवकों ने उन पर पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। मामला बिगड़ते देख पुलिस उत्पात मचाने वाले दो --तीन युवकों को पकड़कर थाने ले गई। साथ ही सड़क पर डंडे फटकार कर भीड़ को खदेड़कर रास्ता खुलवाया।








