शहर के ट्रैफिक मैनेजमेंट के लिए एडीबी बनाएगा प्रोजेक्ट
Source: Dainik Bhaskar News | Last Updated 05:24(09/02/12)
जोधपुर. शहर के अगले बीस साल में होने वाले विकास व विस्तार को देखते हुए ट्रैफिक सिस्टम मजबूत करने के लिए एशियन डवलपमेंट बैंक (एडीबी) एक मेगा प्रोजेक्ट तैयार करेगा। एडीबी के विशेषज्ञों की टीम गत दिसंबर में आरंभिक सर्वे कर गई, अब बैंक के इंटरनेशनल कंसल्टेंट एक टीम के साथ शहर की ट्रैफिक व्यवस्था से लेकर चौराहों के हालात की स्टडी कर रहे हैं।
इस स्टडी रिपोर्ट में वर्तमान ट्रैफिक व्यवस्था और अगले बीस सालों में बनने वाले हालात का ब्यौरा होगा। इसकी डिटेल इंजीनियरिंग रिपोर्ट तैयार करने के लिए एडीबी 60 लाख रुपए का अनुदान देगा। डिटेल इंजीनियरिंग रिपोर्ट के आधार पर विश्व स्तरीय बैंक से लोन लेने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इस प्रोजेक्ट पर करीब 15 से 20 हजार करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान है।
कंसल्टेंट बनाएंगे ट्रैफिक व्यवस्था का खाका
एडीबी के इंटरनेशनल कंसल्टेंट नेल्सन और भारत के कंसल्टेंट सुबाजित लाहिरी दस सदस्यीय टीम के साथ पिछले सात दिनों से जोधपुर में ट्रैफिक सिस्टम की स्टडी कर रहे हैं। वे जोधपुर की वर्तमान यातायात व्यवस्था, मुख्य चौराहों पर यातायात दबाव, पार्किग व्यवस्था और नगरीय परिवहन सेवा का आकलन कर रहे हैं। साथ ही ट्रैफिक रेग्यूलेशन का अध्ययन कर रहे हैं।