साढ़े तेरह हजार के जाली नोट पकड़े
Source: Dainikbhaskar news | Last Updated 05:09(08/02/12)
जोधपुर. शहर पुलिस ने डांगियावास के बावरला फांटा क्षेत्र में मंगलवार को साढ़े तेरह हजार रुपए के जाली नोट बरामद किए। ये नोट 17 वर्षीय एक लड़के से बरामद हुए हैं। पुलिस उससे पूछताछ कर जाली नोट सप्लाई करने वाले शख्स की तलाश में जुटी हुई है।
एडीसीपी (कानून-व्यवस्था) ज्योतिस्वरूप शर्मा ने बताया कि डांगियावास थानाधिकारी मदन बेनीवाल को सूचना मिली कि एक नाबालिग लड़का पिछले कुछ दिनों से बाजार में जाली नोट चलाने की फिराक में है। पुख्ता जानकारी के आधार पर बेनीवाल के साथ प्रशिक्षु आरपीएस हिमांशु शर्मा, हैड कांस्टेबल मुकेश, कांस्टेबल सीताराम, गंगासिंह, अरविंद, बोदूराम व महेंद्र की टीम ने बावरला फांटा के निकट घेराबंदी की और 17 वर्षीय एक लड़के को पकड़ लिया।
तलाशी में उसके पास पांच-पांच सौ के 27 जाली नोट बरामद हुए। पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि बावरला गांव निवासी यह लड़का ग्यारहवीं कक्षा का छात्र है। अब तक उसने कितने नोट बाजार में चलाए हैं और वह ये नोट किससे लेकर आया, इस बारे में पुलिस को कुछ सुराग मिले हैं। पुलिस की टीमें उसे जाली नोट देने वाले शख्स की तलाश कर रही हैं।