भ्रष्टाचारियों की संपत्ति जब्त करने का कानून बनेगा
Source: Bhaskar News | Last Updated 05:24(04/02/12)
जयपुर/जोधपुर.राज्य में भ्रष्ट अफसरों और कर्मचारियों की संपत्ति जब्त करने के लिए सरकार कानून लाएगी। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने गुरुवार को इसकी घोषणा की है। इस संबंध में पहले से मौजूद कानूनों का परीक्षण करवाया जाएगा और जो बेहतरीन होगा, उसे लागू किया जाएगा।
एसीबी की समीक्षा बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि हम चाहते हैं कि उड़ीसा या बिहार की तर्ज पर भ्रष्टाचारियों की संपत्तियां जब्त कर उन्हें सार्वजनिक काम में लिया जाए।स्कूल खुले, अस्पताल खुले या अन्य कोई काम हो।
अभियोजन स्वीकृति की कमियां दूर करेंगे
विभागों में भ्रष्ट अफसरों और कर्मचारियों के मामलों में अभियोजन स्वीकृति नहीं मिलने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे यहां पहले से ही कार्मिक विभाग के स्तर पर एक्सट्रा ऑर्डिनरी तरीके से मंजूरी दी गई है। चालान पेश भी हो गए हैं।
कई विभागों में कोई कमी भी होगी, उसको भी दूर करेंगे। बोर्ड निगमों और विश्वविद्यालयों में चुना हुआ बोर्ड होता है वहां बोर्ड अभियोजन की स्वीकृति देता है। ऐसे मामलों में स्वीकृति नहीं आ रही है। सरकार परीक्षण कराएगी कि इसका क्या तरीका निकल सकता है?