राज्यदिल्ली
मध्य प्रदेश
राजस्थान
छत्तीसगढ़
हिमाचल
पंजाब
हरियाणा
चंडीगढ़
उत्तर प्रदेश
बिहार
झारखंड
महाराष्ट्र
गुजरात
जम्मू-कश्मीर
थोड़ा धीरज रखा होता तो नहीं होता हादसा
Matrix News | May 23, 2012, 01:46AM IST
जसदेर नाडी स्थित मानव रहित रेलवे क्रॉसिंग पर मंगलवार दोपहर करीब 12:25 बजे कार चालक की लापरवाही से जोधपुर से बाड़मेर आ रही लोकल ट्रेन की चपेट में आ गई। इससे कार में सवार तीन लोग घायल हो गए। घायलों को राजकीय अस्पताल बाड़मेर लाया गया जहां एक को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर करीब 12:25 बजे जोधपुर से पैसेंजर ट्रेन बाड़मेर आ रही थी। इस दौरान जसदेर नाडी के पास मानव रहित रेलवे क्रॉसिंग पर कार को रेलवे लाइन क्रॉस कराने के चक्कर में चालक की लापरवाही से कार ट्रेन से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और कार करीब 100 फीट दूर जाकर गिरी। इस टक्कर से ट्रेन के इंजन के साइट के नट-बोल्ट टूटने के साथ ही रेल के तीन कोच के पायदान क्षतिग्रस्त हो गए। कार में सवार पोशीना (जैसलमेर) हाल इंद्रा कॉलोनी निवासी प्रेमसिंह (30) पुत्र भानसिंह रावणा राजपूत, इंद्रा कॉलोनी निवासी सवाईसिंह (25) पुत्र जोगसिंह रावणा राजपूत और इंद्रा कॉलोनी निवासी वकील खां पुत्र उके खां घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। घायलों को परिवहन विभाग की गाड़ी से राजकीय अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टर ने वकील खां को मृत घोषित कर दिया। इस संबंध में मृतक के चाचा फकीर खां ने कार चालक के खिलाफ सदर थाने में लापरवाही पूर्वक गाड़ी चलाने का मामला दर्ज करवाया है। खबर लिखे जाने तक कार चालक का नाम पता नहीं चल सका।
23 मिनट खड़ी रही ट्रेन
दुर्घटना के बाद करीब 23 मिनट तक ट्रेन घटना स्थल पर रुकी रही। इसके बाद रेल को रवाना किया जा सका। तब तक यात्री परेशान रहे और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।
पहले भी हो चुकी है दुर्घटना
जसदेर नाडी के पास स्थित मानव रहित रेलवे क्रॉसिंग पर पहले भी दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। करीब दो साल पहले एक बोलेरो रेल की चपेट में आ गई थी।
मौत की खबर पर चीखने लगे परिजन
घायलों को राजकीय अस्पताल लाने से पहले उनके परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। घायलों के अस्पताल पहुंचने पर माहौल और गमगीन हो गया। इसके बाद जब डॉक्टर ने वकील खां को मृत घोषित किया तो पूरे अस्पताल परिसर में चीखें सुनाई दे रही थी।





