फरवरी से 396 दवाएं फ्री मिलेंगी
Source: Bhaskar News | Last Updated 04:16(25/01/12)
जयपुर.प्रदेश में अब फरवरी से 396 दवाइयां निशुल्क मिलेंगी। अभी लोगों को 232 दवाएं ही मिल रही थीं।
यह घोषणा मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मंगलवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में कलेक्टरों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान की। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में मुख्यमंत्री निशुल्क दवा योजना, जननी शिशु सुरक्षा योजना और लोक सेवा गारंटी कानून के बारे में फीड बैक लिया गया।
मुख्यमंत्री ने पूछे तीन सवाल
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में मुख्यमंत्री ने सभी कलेक्टरों से तीन सवाल पूछे। योजना की स्थिति क्या है? क्या इसमें कोई कमी है? उसमें सुधार के लिए सुझाव क्या है? मुख्यमंत्री गहलोत ने कहा कि फरवरी से 396 प्रकार की दवाएं मिलने लगेंगी।
गहलोत ने बताया कि जननी शिशु सुरक्षा योजना को ठीक से लागू करने के कारण संस्थागत प्रसव में 9 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। इस योजना में हनुमानगढ़, जयपुर, जोधपुर और बीकानेर में उल्लेखनीय काम हुआ है।
लोक सेवा गारंटी कानून पर चर्चा के दौरान बैठक में बताया गया कि इसमें प्रदेश में 17 लाख लोगों से अधिक के प्रार्थना पत्र मिले, जिसमें से 16 लाख के निस्तारण कर दिए गए। इस कानून में 108 सेवाएं शामिल थीं, जिनको बढ़ाकर 124 किया और 53 कामों की बजाय 60 काम कर दिए गए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रार्थना पत्रों की गुणवत्ता कैसी रही, इसे देखना जरूरी है। गहलोत ने कहा कि 24 फरवरी को प्रदेश के सभी जिलों में जन सुनवाई रखी जाए, जिसमें सभी प्रभारी मंत्री शामिल हों, तब इसकी गुणवत्ता स्पष्ट होगी।
निजी मेडिकल कॉलेजों को प्रोत्साहन
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान बीकानेर कलेक्टर ने कहा कि 60 लाख की आबादी पर मेडिकल कॉलेज हैं, जबकि यह 20 लाख पर होनी चाहिए। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वे निजी मेडिकल कॉलेजों को प्रोत्साहन देंगे। उन्होंने इसके लिए चिकित्सा विभाग के प्रमुख सचिव से विशेष पैकेज बनाने के निर्देश दिए।
गहलोत ने टोल फ्री नंबर 104 को प्रचारित और प्रोत्साहित करने के भी निर्देश दिए। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में चिकित्सा मंत्री ए.ए.खान ने कलेक्टरों की पहल की सराहना की। इस दौरान चिकित्सा राज्य मंत्री राजकुमार शर्मा, मुख्य सचिव एस. अहमद, एसीएस वित्त सी.के. मैथ्यू, डीजीपी हरीश मीणा सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
सात जिलों में गंभीर रोगों की मुफ्त जांच होगी
जयपुरत्न राज्य के सात जिलों में डायबिटीज, ब्लडप्रेशर, हार्टअटैक, कैंसर और लकवा जैसी गंभीर बीमारियों की जांच मुफ्त की जाएगी। केंद्र सरकार के नेशनल प्रोग्राम फॉर प्रिवेंशन एंड कंट्रोल ऑफ कैंसर, डायबिटीज, कार्डियो वेस्कुलर डिजीज (एनपीसीडीसीएस) के तहत भीलवाड़ा, जैसलमेर, जोधपुर, बाड़मेर, नागौर, बीकानेर और श्रीगंगानगर में मरीजों की जांच की जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग में निदेशक (परिवार कल्याण) डॉ. प्रदीप कुमार शारदा ने बताया कि इस योजना योजना के तहत मरीजों को निशुल्क दवाइयां भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
कार्यभार संभाला :
डॉ. प्रदीप कुमार शारदा ने मंगलवार को निदेशक परिवार कल्याण का कामकाज संभाला। उन्होंने विभाग के अधिकारी और कर्मचारियों के साथ विस्तृत बैठक कर विभिन्न योजनाओं से जुड़ी जानकारी हासिल की। उनके पास निदेशक एड्स का अतिरिक्त कार्यभार भी है।