सुस्ताने पर टोका तो एएसआई ने एसआई को गोली मारी
Source: dainik bhaskar news | Last Updated 08:48(10/02/12)
जयपुर। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के दिल्ली रोड (नारदपुरा) स्थित कैंपस में ही सीआईएफएस सब इंस्पेक्टर को गुरुवार देर रात डयूटी के दौरान उनके ही मातहत असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर ने गोली मार दी। गोली एसआई के जबड़े को चीरती हुई बाहर निकल गई। उन्हें गंभीर स्थिति में एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के अनुसार एसआई मुन्नालाल (40) रात करीब 11 बजे कैंपस में ड्यूटी के दौरान गेट पर पहुंचे तो वहां तैनात एएसआई प्रेमसिंह उन्हें सुस्ताते हुए मिला।
जब उन्होंने टोका तो कहासुनी हो गई। मुन्नालाल ने ऑफिस डायरी में प्रेमसिंह के बारे में ड्यूटी में लापरवाही बरतने की टिप्पणी अंकित कर दी। इस पर प्रेमसिंह बिफर पड़ा और मुन्नालाल पर पिस्तौल से गोली चला दी। एकाएक हुए इस हमले से मुन्नालाल को संभलने का मौका नहीं मिला और वे बेहोश होकर गिर पड़े।इसी दौरान उनके साथ में मौजूद कांस्टेबलों ने प्रेमसिंह को दबोचकर पिस्तौल हाथ से छीन और आला अफसरों को घटना की जानकारी दी। सूचना के बाद घटनास्थल पर पहुंचे आला अफसरों ने मुन्नालाल को तत्काल एसएमएस अस्पताल पहुंचाया। मुन्नालाल को देर रात पोलीट्रोमा वार्ड में भर्ती किया गया। अस्पताल में सीआईएसएफ के सीनियर कंमांडेंट आरके यादव और अन्य चार सहकर्मी भी उनके साथ थे। गोली मारने वाले प्रेमसिंह को फिलहाल सीआईएसएफ कैंपस में ही निगरानी में रखा गया है।