अवार्ड की इन्कम मिली नहीं टैक्स पहले ही काट लिया
Source: dainik bhaskar news | Last Updated 05:23(07/02/12)
कोटा. तीन माह से अवार्ड के लिए आंदोलन कर रहे कोटा थर्मल के 1400 कर्मचारियों को उसकी राशि तो मिली नहीं उल्टा उस राशि को इन्कम में शामिल कर टैक्स पहले ही काट लिया। अवार्ड की राशि उन्हें दीपावली से पहले मिलनी थी। इसके लिए कर्मचारी पिछले छह दिन से काली पट्टी बांधकर कार्य कर रहे हैं। इससे पहले वे प्रदर्शन कर चुके हैं लेकिन, उत्पादन निगम उनकी मांग पर कोई ध्यान नहीं दे रहा।
थर्मल ने वर्ष-11 में उत्पादन का रिकॉर्ड बनाया था। इस पर पिछले वर्षो की तरह ही उत्पादन निगम की ओर से अवार्ड घोषित किया गया। दीपावली से पहले आर्थिक स्थिति कमजोर होने की बात करके इसे टाल दिया गया। पहले उन्हें नवंबर, फिर दिसंबर व जनवरी का भरोसा दिलाया गया लेकिन, अवार्ड नहीं मिला, अब उन्हें मार्च तक अवार्ड दिए जाने का भरोसा दिलाया गया है। कर्मचारियों को कहना है कि यह पहली बार हो रहा है जब उन्हें अवार्ड की राशि नहीं मिल रही।
टैक्स की राशि जोड़ ली
कर्मचारियों ने बताया कि जो अवार्ड मिलना है उस पर इनकमटैक्स की राशि को अलग कर दिया गया है। यानी 6 करोड़ के अवार्ड में से 1.20 करोड़ रुपए इन्कम टैक्स में जाएंगे। इसका निर्धारण कर लिया गया है।
मार्च से पहले करेंगे भुगतान
उत्पादन निगम के सीएमडी पीएन सिंघल ने बताया कि निगम की पहली प्राथमिकता इकाइयों को चलाने के लिए कोयले की व्यवस्था करना है। कुछ दिनों में स्थिति में सुधार होने की संभावना है, इसके बाद अवार्ड की राशि दी जाएगी।
फरवरी के अंत तक अवार्ड नहीं दिया गया तो इन्कम टैक्स की राशि को रिवाइज करा दिया जाएगा। उधर थर्मल इंजीनियर्स एसोसिएशन की ओर से अवार्ड नहीं देने व जनवरी के वेतन में इनकमटैक्स काटने का विरोध किया गया।
इसी प्रकार कर्मचारी संघ की ओर से थर्मल गेट पर दिनेश भार्गव के नेतृत्व में प्रदर्शन कर सभा की गई। सभा में प्रांतीय अध्यक्ष सीपी शर्मा, महेन्द्र सिंह राजावत, महेन्द्र सिंह शेखावत, रामबाबू नागर, जगमोहन शर्मा ने भी संबोधित किया।