‘रिश्वत दो नहीं तो कर देंगे एनकाउंटर’
Source: Dainik Bhaskar News | Last Updated 08:33(09/02/12)
अजमेर। पूना में हुई हत्या के मामले में गिरफ्तार युवक को जिला पुलिस ने बुधवार को पूना पुलिस के हवाले कर दिया। युवक के परिवार के लोगों ने एसपी को ज्ञापन सौंपकर पूना पुलिस पर धमकाने व रिश्वत मांगने का आरोप लगाया। ज्ञापन में युवक को जबरन हत्या के मामले में फंसाने का आरोप लगाते हुए न्याय की मांग की गई है। ज्ञापन में नवाब का बेड़ा निवासी हरीश चंचलानी ने बताया कि पिछले दिनों उसके भाई संजय को पुलिस ने पूना में हुए शंकर हत्याकांड के मामले में गिरफ्तार किया था। शंकर और संजय दोनों दोस्त थे।
डिग्गी बाजार में टेलरिंग का काम करते थे। 28 फरवरी 2011 को दोनों व्यापार करने के लिए पूना गए थे। संजय दो तीन दिनों में गुजरात स्थित अपने सुसराल मेहमदाबाद लौट गया। वे वहां पत्नी किरण और पुत्र रविश के साथ रहकर व्यापार करने लगा। 3 मार्च 2011 को पूना में शंकर की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। इस मामले में पूना पुलिस ने संदेह के आधार पर संजय से पूर्व में पूछताछ की थी। संजय के परिवार के लोगों का आरोप है कि पूना पुलिस में तैनात गणोश काले, संदीप और सईद ने धमकाकर रुपयों की मांग की है। उन्होंने कहा है कि यदि मांग पूरी नहीं की गई तो संजय को इस मामले से बाहर नहीं निकलने दिया जाएगा। पुलिस उसका एनकाउंटर कर देगी।
हत्या वाले दिन संजय अस्पताल में था भर्ती : संजय की मां माया चंचलानी का आरोप है कि पुलिस जबरन उसके बेटे को इस मामले में फंसा रही है। जिस दिन पूना में शंकर की हत्या हुई उस दिन संजय मेहमदाबाद में एक अस्पताल में भर्ती था। ऐसे में वे कैसे वारदात को अंजाम दे सकता है। ज्ञापन में न्याय की अपील की गई है।