अजमेर. जिला प्रशासन ने भले ही अजमेर जिला परिषद आपके द्वार कार्यक्रम शुरू करने की राह में रोड़े अटकाए हो लेकिन मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इस कार्यक्रम की जमकर तारीफ की है। यहीं नहीं उन्होंने इस कार्यक्रम को सफल बताया और उम्मीद जताई कि आगे भी इसे निरंतर जारी रखा जाएगा। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जिला प्रमुख सुशील कंवर पलाड़ा को एक पत्र भेजा है। इसमें उन्होंने पलाड़ा को इस बात की बधाई दी है कि वह जिला परिषद आपके द्वार कार्यक्रम के तहत पंचायतीराज विभाग को हस्तांतरित विभागों से संबंधित जन कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति गांवों और आमजन तक पहुंचा रही हैं।
जिला प्रमुख ने राज्य सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी एवं ग्रामीण जनता की समस्याओं के निराकरण के लिए ‘जिला परिषद आपके द्वार’ तैयार कर इसकी शुरुआत 5 जनवरी को अरांई पंचायत समिति से की थी। पूर्व में कार्यक्रम के तहत सभी विभागों के अधिकारियों को इसमें आमंत्रित करने की योजना थी लेकिन प्रशासन द्वारा रोड़ा अटकाने के बाद आला अधिकारियों के निर्देश पर पंचायतीराज को हस्तांतरित विभागों के अधिकारियों को ही इसमें शामिल किया जा सका। अरांई के अलावा जवाजा, श्रीनगर व केकड़ी पंचायत समिति मुख्यालयों पर इस कार्यक्रम का सफल आयोजन हो चुका है। केकड़ी के कार्यक्रम में तो सार्वजनिक निर्माण मंत्री भरत सिंह व सरकारी मुख्य सचेतक डॉ. रघु शर्मा ने भी शिरकत की थी। दोनों नेताओं ने भी प्रशंसा करते हुए कहा था कि सरकार की कल्याणकारी योजना का लाभ गरीब व ग्रामीणों को दिलाने में ‘जिला परिषद आपके द्वार’ कार्यक्रम ने सेतु का काम किया है।