18 घंटे तक सस्पेंस: खोदा पहाड़, निकली चूहिया भी नहीं!
Source: Bhaskar News | Last Updated 05:33(08/02/12)
दांतारामगढ़. सुरेरा के निकट नया बास गांव में पास के एक खेत में खड्डा खोदकर कुछ दबाए जाने की आशंका ने मंगलवार को पुलिस व प्रशासन की परेड करा दी। सोमवार शाम से मंगलवार दोपहर तक करीब 18 घंटे गड्ढे में कुछ दबा होने की आशंका ने प्रशासन को परेशान रखा, लेकिन जब गड्ढ़े की खुदाई करवाई तो कुछ भी नहीं मिला।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नयाबास से डांसरोली जाने वाले ग्रेवल सड़क पर दो खेत छोड़कर तीसरे खेत में सोमवार शाम एक बकरी चराने वाले एक गड्ढा देखा। गड्ढ़े के आसपास जीप के टायरों के निशान व चार पांच लोगों के पैरों के निशान देखकर उसे शक हुआ। उसने गांववालों को इसके बारे में बताया।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन रात होने की वजह से खुदाई नहीं हो पाई। इस पर मंगलवार सुबह गड्ढ़ा खोदने का निर्णय लिया और वहां पुलिसकर्मी तैनात कर दिए गए। सुबह जब लोगों को इसकी सूचना मिली तो काफी तादात में लोग वहां पहुंच गए।
उपखंड अधिकारी दांतारामगढ़, पुलिस उपअधीक्षक रामप्रकाश शर्मा, थाना प्रभारी जयसिंह मौके पर पहुंचे और एफएसएल टीम को भी बुलाया गया। टीम ने फिंगर व फुट प्रिंट उठाए। इसके बाद खुदाई शुरू की गई। छह-सात फीट तक ढाई से तीन फीट गोलाई का गड्ढ़ा खोदा गया लेकिन कुछ नहीं निकला। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली। लोगों ने आशंका जताई किसी तांत्रिक विद्या के लिए ऐसा किया गया है।