सीकर.दिल्ली में हाल ही में हुए सामूहिक दुष्कर्म से न केवल राजधानी बल्कि पूरा देश सहमा हुआ है।जहां पीड़िता अस्पताल में गंभीर हालत में भर्ती है, वहीं पूरे देश में आक्रोश छाया हुआ है।सामूहिक दुष्कर्म के ऐसे गंभीर मामले पहले भी आ चुके हैं जो कई लड़कियों की जिंदगी बर्वाद कर चुके हैं। ऐसा ही एक मामला आज से चार माह पहले सीकर में देखने को मिला था जब फिल्म देखकर घर लौट रही युवतियों में से 11 साल की एक मासूम को कुछ युवक अगवा कर जीप में डाल ले गए और वे घंटों उससे सामूहिक ज्यादती करते रहे, लेकिन 20 किमी. के दायरे में होने के बाद भी पुलिस उन तक नहीं पहुंच पाई।रातभर मासूम से दुष्कर्म के बाद दूसरे दिन सुबह करीब 11:30 बजे युवक बच्ची को लहूलुहान हालत में गोठड़ा तगेलान गांव के पास फेंक गए।
वाकया 20 अगस्त रात 8:30 बजे का है। शांतिनगर में रहने वाली बिहारी परिवार की चार लड़कियां फिल्म देखकर लौट रही थीं। इनके साथ एक बच्चा भी था। डेडराज डेयरी के पास एक जीप रुकी और एक लड़की को जबरन उसमें बैठाने का प्रयास किया।
वह किसी तरह अपना हाथ छुड़ाकर भाग गई। इस पर बदमाशों ने 11 वर्षीय अन्य बच्ची को जबरन जीप में बैठा लिया। अन्य लड़कियां विरोध करतीं इससे पहले वे जीप को भगाकर सांवली बीहड़ की ओर ले गए। बाकी लड़कियां रोने लगीं तो आसपास के लोग एकत्र हुए। उन्होंने जीप का पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन नाकामयाब रहे। पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद जिलेभर में नाकाबंदी करा दी गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बदमाश नशे में धुत थे।