गहलोत की सरकार ...‘अंधेर नगरी, चौपट राजा’
Source: Bhaskar News | Last Updated 05:57(05/02/12)
अजमेर.भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी ने राज्य की गहलोत सरकार पर कटाक्ष करते हुए इसे अंधेर नगरी चौपट राजा बताया है। चतुर्वेदी ने कहा कि सरकारी ऐसी नीतियों पर चल रही है कि राज्य में विकास चौपट हो गया। प्रदेश अध्यक्ष सोमवार को विश्राम स्थली पर चल रहे पंचकल्याणक महोत्सव में शामिल होने के बाद पत्रकारों से बात कर रहे थे।
चतुर्वेदी ने कहा कि सरकार के मंत्रियों में टकराव है। मुख्यमंत्री तीन साल से मंत्रियों के बीच चल रहे विवाद को ही सुलझाने में लगे रहे। सरकार विभिन्न योजनाओं पर केवल प्रयोग कर रही है। पाकिस्तानी मंत्री की सभा के मामले में चतुर्वेदी ने कहा कि भाजपा ने इस मसले को प्रमुखता से केंद्र स्तर पर उठाया था। जांच में सरकार ने चार अधिकारियों को दोषी माना लेकिन इससे जिम्मेदारी पूरी नहीं हो जाती। सरकार का इंटेलीजेंस फेलियर रहा।
संगठन को कर रहे हैं मजबूत
चतुर्वेदी ने कहा कि प्रदेश भाजपा की ओर से विभिन्न स्तरों पर संगठनात्मक मजबूती के लिए कार्यक्रम आयोजित कर रही है। आने वाले तीन महीनों में सभी बूथों के हिसाब से शक्ति केंद तैयार करने पर काम चल रहा है। संगठन में नेताओं के बीच चल रहे विवादों पर पूछे गए एक सवाल का जवाब देते हुए चतुर्वेदी ने कहा कि भाजपा एक बड़ा परिवार है। ऐसे में कभी-कभार छोटी-मोटी बात हो जाती है। जिन्हें चर्चा के बाद सुलझा लिया जाता है। किसान मोर्चे के प्रदेशाध्यक्ष सांवरलाल जाट और जिला देहात अध्यक्ष नवीन शर्मा के बीच देहात किसान मोर्चे की नियुक्ति को लेकर चल रहे विवाद पर चर्चा हो चुकी है। सात दिनों में सारी स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।
शुचिता के संवाहक हैं उपदेश
विश्राम स्थली पर जैन समाज की ओर से आयोजित पंचकल्याणक महोत्सव के दौरान आयोजित कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि र्तीथकरों की ओर से दिया गया संदेश हमेशा प्रासंगिक रहेगा। र्तीथकरों के उपदेश जीवन में शुचिता लाते हैं। अहिंसा और अपरिग्रह ऐसे संदेश हैं जिनसे जीवन और समाज सही मायने में श्रेष्ठ और विकसित होते हैं। कार्यक्रम में विधायक वासुदेव देवनानी, अनिता भदेल, यूआईटी के पूर्व चेयरमैन धर्मेश जैन, पूर्व जिला प्रमुख पुखराज पहाड़िया व पूर्व उपमहापौर सोमरत्न आर्य सहित जैन समाज के कई पदाधिकारी मौजूद थे।