पैसा मिला, फिर भी उपलब्ध नहीं करा सके संसाधन
Source: dainik bhaskar news | Last Updated 06:08(20/01/12)
सीकर. मिड-डे मील कार्यक्रम में पैसा दिए दो साल बीत गए, लेकिन जिले में 925 स्कूलों में गैस कनेक्शन व एक हजार 260 स्कूलों में बर्तनों की सुविधा उपलब्ध नहीं कराई गई। इससे नाराज पंचायतीराज विभाग की शासन सचिव व आयुक्त अर्पणा अरोड़ा ने जिला परिषद सीईओ को पत्र लिखकर नाराजगी जाहिर की है।
दो साल में भी प्रकृति शून्य होने को लेकर गहरी नाराजगी जताई गई है। पत्र में उन्होंने स्कूलों के लिए उपलब्ध कराई गई राशि का जिक्र किया गया है। पत्र में कहा गया है कि सीकर जिले को जनवरी, 2010 में 925 स्कूलों में गैस कनेक्शन व 1260 स्कूलों में बर्तन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए राशि दी गई थी, लेकिन यह विचारणीय हैं कि दो साल बीत जाने के उपरांत भी जिले में इस संबंध में प्रगति शून्य ही है।
गौरतलब है कि ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज ने छह जनवरी, 2012 को इस कार्यक्रम की समीक्षा बैठक में इस विषय पर असंतोष जाहिर किया गया। उन्होंने आग्रह किया है कि इस राशि को वित्तीय वर्ष 2011-12 के समाप्त होने से पहले ही राशि खर्च करें। इसमें निर्धारित संख्या में स्कूलों में गैस कनेक्शन एवं बर्तन सुविधा उपलब्ध कराने की कार्रवाई कराए।