सरकारी महकमों के जिम्मे सरकार की चुनावी दौड़

सीकर.विधानसभा चुनाव से ठीक एक साल पहले कांग्रेस सरकार की 'चुनावी दौड़' 13 दिसंबर से शुरू होने वाली है। इस दौड़ में सबसे खास यह कि कांग्रेस सरकार अपने चार साल के विकास कार्यों की तुलना पिछली भाजपा सरकार के पांच साल के कार्यों से कर जनता में संदेश देना चाहती है कि कांग्रेस ने कम समय में ही ज्यादा विकास कार्य व आमजन से जुड़ी योजनाएं लागू की हैं। इसके लिए बाकायदा महकमों को एक फॉर्मेट जारी कर यह जानकारी मांगी गई है।
चार साल की उपलब्धियों के बखान के लिए सरकारी विभागों की भी जनता के सामने परीक्षा होनी है। इसमें पास होने के लिए खास निर्देश दिए गए हैं कि 13 दिसंबर को सुबह 11.15 बजे कृषि मंडी में होने वाले जिला स्तरीय समारोह में सिर्फ उपलब्धियों के गुणगान की प्रजेंटेशन ही दिखाई जानी है। वहीं, सरकारी विभाग 'पासÓ होने के लिए हर दिन बैठकें कर उपलब्धियों की रिपोर्ट तैयार करने में जुटे हैं।
बखान के लिए तीन घंटे
प्रशासनिक अधिकारियों से लेकर सांसद, विधायकों, जिला प्रमुख व आयोग अध्यक्षों सहित अन्य जनप्रतिनिधियों को बोलने का मौका दिया जाएगा। दोपहर 1.30 बजे कार्यकर्ताओं के भोजन का कार्यक्रम भी रखा गया है।
सरकारी महकमे : 'पास' होने के लिए सिर्फ उपलब्धियों की प्रजेंटेशन
सरकारी योजनाओं के जरिए 'कांग्रेस का हाथ आम आदमी के साथ' स्लोगन पूरा करने की कोशिश होगी। सुबह 10.30 बजे प्रभारी मंत्री दुर्रु मियां सूचना केंद्र में प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे और जिला दर्शन पुस्तिका का विमोचन भी करेंगे।
पीडब्ल्यूडी : विधानसभा वार पिछली सरकार के पांच साल के साथ कांग्रेस के चार साल में किए गए विकास कार्यों की जानकारी मांगी गई है। कलेक्ट्रेट से मिले फॉर्मेट में विधानसभा वाइज प्रजेंटेशन तैयार की गई है।
आरटीओ :
राजस्व, रजिस्ट्रेशन और वाहन लाइसेंस सहित सभी जानकारियों की सूचना बनाई जा रही है। अलग से कार्मिक लगाए गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग :
सबसे ज्यादा योजनाएं इसी महकमे में शुरू हुई। इसलिए विभाग ने पोस्टर तैयार कर फ्रेम करवाया है।
शिक्षा विभाग :
लेपटॉप, साइकिल वितरण व मुख्यमंत्री छात्रवृत्ति योजना इसी कार्यक्रम से प्रभारी मंत्री शुरू करेंगे। इसके लिए 11-11 विद्यार्थियों की सूची तैयार की गई है। गौरतलब है कि साइकिल वितरण चार साल के कार्यक्रम के लिए रोक दिया गया था। कार्यक्रम के दौरान दोपहर एक बजे यह वितरित होंगे।
पॉलिटिक्स : सबको टारगेट और एक मंच पर लाने की कोशिश
कांग्रेस सरकार अपनी चौथी वर्ष गांठ मनाने के बहाने आगामी चुनावों की तैयारी में जुट गई है। आयोजन में पंच तक को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के हस्ताक्षरयुक्त बधाई संदेश के साथ इसमें पहुंचने का निमंत्रण भी दिया गया। प्रभारी मंत्री दुर्रु मियां भी कार्यक्रम से तीन दिन पहले ही मंगलवार रात आठ बजे सीकर पहुंच जाएंगे।
12 दिसंबर को सुबह जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक भी लेंगे। जिसमें भीड़ जुटाने के साथ उनके सामने पहले कई बार नेताओं की आई फूट को पाटकर कार्यक्रम में एकजुटता दिखाने के लिए रणनीति तय होगी। इसी दिन दोपहर तीन बजे लक्ष्मणगढ़ तहसील के गांव मंगलूणा में संपर्क सड़क के नवीनीकरण कार्य का उद्घाटन, राजीव गांधी सेवा केंद्र व नवक्रमोन्नत उच्च माध्यमिक विद्यालय का उद्घाटन करेंगे।
'कार्यक्रम में सरकार की उपलब्धियां लोगों को बताई जाएंगी। अधिक से अधिक लोगों को जिला स्तरीय कार्यक्रम में लाने के लिए कार्यकर्ताओं को कहा गया है।'
गोविंदसिंह डोटासरा, अध्यक्ष, जिला कांग्रेस कमेटी
...तो एक विधायक ही रहेंगे मौजूद
फिलवक्त के गणित को देखते हुए लग रहा है कि कार्यक्रम में कांग्रेस के पांच में से सिर्फ एक लक्ष्मणगढ़ विधायक गोविंदसिंह डोटासरा ही मौजूद रहेंगे। वे जिला कांग्रेस के अध्यक्ष भी हैं। शहर विधायक व उद्योग मंत्री राजेंद्र पारीक जोधुपर के प्रभारी मंत्री हैं, इसलिए वे वहां जाएंगे।
नीमकाथाना विधायक रमेशचंद्र खंडेलवाल संसद हमले में शहीद हुए जेपी यादव की स्मृति में 13 दिसंबर को नीमकाथाना में होने वाले कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। यह कार्यक्रम सुबह 11.02 बजे शुरू होगा। उन्होंने 12 दिसंबर को पाटन में उपतहसील उद्घाटन कार्यक्रम रखा है, जिसमें सरकार के चार साल की उपलब्धियों का ब्यौरा रखा जाएगा। फतेहपुर विधायक भंवरु खां फिलहाल अस्वस्थ है। उन्होंने बताया कि तबीयत ठीक रही तो कार्यक्रम में आऊंगा।






