गुलाबेवाला में तेल-गैस की खुदाई शुरू
Source: Bhaskar News | Last Updated 05:31(18/01/12)
श्रीगंगानगर.रायसिंहनगर के लुहारा व बाजूवाला गांव के बाद अब श्रीकरणपुर के गुलाबेवाला गांव की जमीन में तेल-गैस मिलने की संभावना है। इस संभावना के बाद जोधपुर व दिल्ली से पहुंची इंजीनियर्स की टीम ने गांव में ड्रिलिंग (खुदाई) का काम शुरू कर दिया है। इनकी मदद के लिए इजिप्ट से विदेशी इंजीनियर की टीम भी बुलाई गई है। इस टीम के आने की मंजूरी मंगलवार को कलेक्टर ने जारी की।
यह टीमें यहां जून 2012 तक रहेंगी। गुलाबेवाला में तेल व गैस होने की आशा करीब दो माह पहले हुई थी। नेशनल ऑयल वेल मेंटीनेंस लि. के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि गुलाबेवाला गांव में तेल व गैस मिलने की काफी संभावना है लेकिन यह जमीन के कितनी अंदर है, इस बारे में अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी।
सूत्रों के अनुसार, गुलाबेवाला में तेल व गैस होने की आशा करीब दो माह पहले हुई थी। फिर सर्वे टीम ने रिपोर्ट तैयार करके गैस अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (गेल), नई दिल्ली को भेजी। नई दिल्ली से गेल तथा जोधपुर से नेशनल ऑयल वेल मेंटीनेंस लि. ने इसी माह संयुक्त टीम गठित करके खुदाई का काम शुरू किया है। तेल-गैस की उम्मीद कुछ पुख्ता होने पर गेल ने अब इजिप्ट से इंजीनियर अहमद रफीक की टीम को गुलाबेवाला बुलाया है।
ये तीनों टीमें मिलकर गांव की जमीन में 2000 से 3000 मीटर तक की गहरी खुदाई करेंगी। जमीन के आसपास तंबू लगाए गए हैं। वहां लोगों के आने-जाने पर मनाही है। नेशनल ऑयल वेल मेंटीनेंस लि. के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि गुलाबेवाला गांव में तेल व गैस मिलने की काफी संभावना है लेकिन यह जमीन के कितनी अंदर है, इस बारे में अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी।
गुलाबेवाला गांव में अत्याधुनिक मशीनों से खुदाई शुरू हो चुकी है। करीब 3000 मीटर गहरी खुदाई के दौरान तेल-गैस का पता लगने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि खुदाई के लिए इजिप्ट की टीम ने श्रीगंगानगर में आने व रहने के लिए प्रशासन से अनुमति मांगी थी। कलेक्टर ने इन्हें 10 जून 2012 तक यहां रहने की इजाजत दे दी है।