झाड़ियों में मिला क्षत-विक्षत शव, हत्या का संदेह
Source: Bhaskar News | Last Updated 05:14(06/02/12)
अजमेर.क्रिश्चियन गंज पुलिस थाना क्षेत्र स्थित लोहागल गांव में रविवार को एक युवक का क्षत-विक्षत शव मिला। युवक की हत्या का संदेह है। शव जंगली जानवरों ने बुरी तरह नौंच डाला। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मृतक के शव को जेएलएन अस्पताल के चीरघर में रखवाया। सोमवार को मेडिकल बोर्ड से उसका पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। मृतक पेशे से बस चालक है। उसके परिवारजनों ने हत्या किए जाने की आशंका जाहिर की है। क्रिश्चियन गंज थाना पुलिस जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक लोगों ने सूचना दी थी कि लोहागल स्थित गऊशाला के निकट झंडियों में किसी अज्ञात युवक का क्षत-विक्षत शव पड़ा है। सूचना पर सहायक पुलिस अधीक्षक अजयसिंह, क्रिश्चियन थानाप्रभारी प्रमोद स्वामी सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। मृतक की शिनाख्त जवाहर कॉलोनी निवासी राजेंद्रसिंह राठौड़ (23) पुत्र देवीसिंह के रूप में हुई। मौके से शराब के खाली पव्वे, मृतक के जूते और खून लगे कपड़े बरामद किए गए। एसपी राजेश मीना के निर्देशों पर फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट और एफएसएल टीम ने मौका मुआयना कर साक्ष्य जुटाए हैं।
हत्या का संदेह..
मृतक की बहन मंजू राठौड़ सहित अन्य परिवारजनों ने अज्ञात युवकों पर राजेंद्र की हत्या कर शव गऊशाला में फेंके जाने का आरोप लगाया है। परिवारजनों ने बताया कि राजेंद्र मिनी बस चलाता था। पिछले दिनों कुछ अज्ञात युवकों से झगड़ा हुआ था। दो दिनों से राजेंद्र घर से लापता था। इधर, पुलिस जांच में सामने आया कि राजेंद्र को शनिवार को शास्त्रीनगर चुंगी नाके के निकट कुछ युवकों के साथ देखा गया था।
"पुलिस ने मौके से शराब के खाली पव्वे, मृतक के कपड़े और जूते बरामद किए हैं। मौका-ए-वारदात देखकर युवक की हत्या की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता है। मृतक का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।"
प्रमोद स्वामी, थानाप्रभारी, क्रिश्चियनगंज थाना
शराब पार्टी के बाद हत्या!
पुलिस के मुताबिक गांव के लोगों ने दबी जुबान में स्वीकार किया है मृतक को लोहागल में दो युवकों के साथ देर रात शराब खरीदते देखा गया था। मौके से शराब के खाली पव्वे बरामद होना इस बात की पुष्टि करता हैं कि मृतक व उसके दोस्तों ने छककर शराब का सेवन किया होगा। मृतक के दोनों जूते और कपड़े भी काफी दूरी पर मिले हैं। परिवारजनों का आरोप है कि किसी रंजिश के चलते राजेंद्र की हत्या की गई है। पुलिस ने इस मामले में देर रात दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।