पुष्कर.न्यायालय के आदेश पर देवनगर रोड से अतिक्रमण हटाने पहुंचे नगर पालिका के अतिक्रमण तोडू दस्ते को भारी विरोध का सामना करना पड़ा। अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के विरोध में अतिक्रमियों व उनके समर्थकों ने पालिकाकर्मियों पर पत्थर बरसाए तथा जमादार के साथ हाथापाई व धक्का-मुक्की की।यही नहीं जमादार को पटखनी देकर जमीन पर गिरा दिया।
लोगों के भारी विरोध के चलते मौके पर मौजूद पुलिस के दो जवान मूकदर्शक बने देखते रहे। अतिक्रमियों के बढ़ते आक्रोश के चलते पालिका के अतिक्रमण तोडू दस्ते को बिना कार्रवाई बैरंग लौटना पड़ा। वहीं घटना के संबंध में पालिका के सफाई निरीक्षक ने आरोपियों में एक राजकीय कर्मचारी समेत चार जनों के खिलाफ राजकार्य में बाधा पहुंचाने तथा जमादार के साथ मारपीट करने के आरोप में पुलिस थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
देवनगर रोड निवासी पतासी देवी ने अपने पड़ोसी नेमीचंद झारोटिया के खिलाफ उसके मकान के सामने आम रास्ते में अतिक्रमण करने का आरोप लगाते हुए अदालत में इस्तगासा पेश किया था। न्यायालय ने पतासी के समर्थन में फैसला सुनाते हुए पालिका प्रशासन को मौके से अतिक्रमण हटाने के आदेश दिए। न्यायालय के आदेशानुसार शुक्रवार की दोपहर पालिका के सफाई निरीक्षक फतह सिंह गौड़, जमादार श्रवणलाल, दो सफाईकर्मी और सिर्फ दो पुलिस जवान साथ लेकर अतिक्रमण हटाने पहुंचे।
पालिका के अतिक्रमण तोडू दस्ते ने जेसीबी की सहायता से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू करते ही अतिक्रमी के परिवार की महिला-पुरुष, बच्चे व उनके समर्थक लामबंद हो गए तथा हाथों में पत्थर व लाठियां लेकर विरोध शुरू कर दिया। इसी बीच कुछ महिलाओं व बच्चों ने पालिकाकर्मियों पर पत्थर भी फेंके। गनीमत यह रही कि पत्थर से किसी के चोट नहीं लगी।
यही नहीं अतिक्रमण हटाने के रास्ते में बनी परिवादिया की दीवार को जेसीबी की सहायता से ध्वस्त करने से परिवादिया का परिवार ने भी विरोध किया।