कुष्ठ रोगियों को एसटीडी पीसीओ देगी सरकार!
Source: Bhaskar News | Last Updated 00:32(31/01/12)
जयपुर.अब कुष्ठ रोगियों को दो जून की रोटी के लिए जद्दोजहद नहीं करनी पड़ेगी। ऐसे लोगों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए उद्योग विभाग को प्रदेशभर में कुष्ठ रोगियों की जरूरत के हिसाब से प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।
कुष्ठ रोग उन्मूलन कार्यक्रम की सोमवार को हुई समीक्षा बैठक में ऐसे रोगियों को एसटीडी, पीसीओ के साथ फोटोकॉपी मशीन मुहैया कराने से जुड़े पहलुओं पर चर्चा हुई। कुष्ठ रोगियों को बीपीएल कार्ड की सुविधा प्रदान करने पर भी बातचीत शुरू हो गई।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे विभागीय मंत्री एमादुद्दीन अहमद खान उर्फ दुरुमियां ने बताया कि राज्य में 1,063 रोगी उपचार करा रहे हैं। कुष्ठ रोगियों में होने वाली विकृति-विकलांगता को रोकने के लिए प्रदेश के सभी मेडिकल कॉलेजों के संलग्न चिकित्सालयों में रि-कंस्ट्रक्टिव सर्जरी की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
उधर, बैठक में उद्योग विभाग से जुड़े अधिकारियों को कुष्ठ आश्रमों का निरीक्षण कर ऐसे रोगियों के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए। बैठक में राज्यसभा की 138वीं रिपोर्ट में की गई सिफारिशों पर विभिन्न विभागों से चर्चा की गई।