पार्षद पुत्र-बहनोई कर रहे थे शराब का धंधा, हो गया पंगा
Source: Bhaskar News | Last Updated 09:13(10/02/12)
कोटा. पुलिस ने इंदिरागांधी नगर इलाके (वार्ड 31) से कांग्रेसी पार्षद श्रीमती राममूर्ति के बेटे महेंद्र व बहनोई को अवैध रूप से शराब बेचते गिरफ्तार किया। उनके पास से 130 पव्वे देशी शराब के बरामद हुए हैं। पुलिस का कहना है कि पार्षद पुत्र ही अपने मौसा से शराब बिकवा रहा था। वहीं पार्षद का कहना है कि पुलिस साजिश के तहत बेटे को फंसा रही है। उद्योग नगर थाना क्षेत्र में यह कार्रवाई प्रशिक्षु आरपीएस सिद्धांत शर्मा ने की।
प्रशिक्षु आरपीएस शर्मा ने बताया कि मुखबिर से पावर हाउस के पास शराब बेचे जाने की सूचना मिली थी। इस पर डीएसपी चंद्रशील के कार्यालय की पुलिस टीम को साथ लेकर दबिश दी गई। वहां एक खाली दुकान से शराब बेचते पार्षद के बेटे महेंद्र व बहनोई लटूरलाल को पकड़ा।
उनके पास से 130 पव्वे देशी शराब के बरामद हुए। लटूरलाल ने पूछताछ में बताया कि यह कारोबार पार्षद पुत्र महेंद्र का है। महेंद्र ही शराब के लिए रुपए देता है और सारी व्यवस्था भी वही करता है। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।
पार्षद भी पहुंची थाने, हाथ जोड़े
बेटे के पकड़े जाने की सूचना के बाद पार्षद राममूर्ति उद्योगनगर थाने पहुंची और पुलिस अधिकारियों से बेटे को छोड़ने का आग्रह किया लेकिन, पुलिस ने बेटे के खिलाफ कार्रवाई कर दी। बताया जा रहा है कि पार्षद पुलिस के सामने खूब गिड़गिड़ाई। उन्होंने पुलिस के सामने हाथ तक जोड़े।
पुलिस पर लगाया साजिश का आरोप
पार्षद राममूर्ति ने कहा कि कुछ दिन पहले उनकी कार जल गई थी। तब सूचना के बाद पुलिस नहीं पहुंची थी। इसकी शिकायत मंत्री शांति धारीवाल से की थी। मंत्री ने कुछ पुलिसकर्मियों का स्थानांतरण करवा दिया। इस वजह से पुलिस उनसे नाराज है। पुलिस ने साजिश के तहत बेटे को फंसाया है। थाने में बुलाकर शराब की गलत कार्रवाई कर रही है। मेरा बेटा बीएड डिग्रीधारी है और मोबाइल की शॉप लगाता है। उसका मौसा लटूरलाल से कोई लेना-देना नहीं है।
सट्टे की खाईवाली करते 9 जने पकड़े
प्रशिक्षु आरपीएस सिद्धांत ने उद्योगनगर इलाके से सट्टा चला रहे राजेंद्र को खाईवाली करते पकड़ा। उसके साथ 8 जने और गिरफ्तार किए। इनके पास से 4500 रुपए व सट्टे की कई सारी पर्चियां पकड़ी है।