जिसका था इंतजार, वो हो गया पूरी तरह तैयार
Source: dainik bhaskar news | Last Updated 08:41(10/02/12)
अजमेर। केंद्रीय दूर संचार प्रौद्योगिकी राज्यमंत्री सचिन पायलट के निर्देशन में पटेल मैदान में लगाए जा रहे मेगा चिकित्सा शिविर के लिए की जा रही वृहद स्तर की तैयारियां गुरुवार को तकरीबन पूरी कर ली गईं। दिल्ली से आई टीम ने तैयारियों का जायजा लिया और आवश्यक दिशा निर्देश दिए। टीम के सदस्यों ने तत्काल रजिस्ट्रेशन सेंटर, ओपीडी, लेबोरेट्री और चिकित्सा कक्षों की व्यवस्थाओं को भी अंतिम रूप दिया। पटेल मैदान में तीन बड़े डोम गुरुवार को बनकर तैयार हो गए हैं। इन्हें ही स्पेशल अस्पताल की शक्ल दी गई है।शिविरार्थियों के भोजन की व्यवस्था आजाद पार्क में की जा रही है। जिन लोगों का रजिस्ट्रेशन होगा उन्हें भोजन का एक पैकेट दिया जाएगा।
वेटिंग एरिया बनाया
डोम्स के बाहर मरीजों के बैठने के लिए वेटिंग एरिया बनाया गया है। मरीजों को नंबर आने तक इन्हीं कुर्सियों पर बैठना होगा। मरीज को केयर टेकर के रूप में एक नर्स और दो वालंटियर रजिस्ट्रेशन से लेकर उसके उपचार की संपूर्ण प्रक्रिया में सहयोगी बनेंगे।
स्क्रीन से होगा कैंप का संचालन : मेगा कैंप का संचालन बड़ी डिस्प्ले स्क्रीनों के माध्यम से किया जाएगा। पटेल मैदान में कई बड़ी स्क्रीनें लगाई जा रही हैं। इन स्क्रीनों के माध्यम से मरीज को उसके रजिस्ट्रेशन नंबर के अनुसार निर्देशित किया जाएगा। इसके साथ ही पैरा मेडिकल स्टाफ और वालंटियर को भी इन्हीं स्क्रीनों से निर्देशित किया जाएगा।
वालंटियर्स को दिए निर्देश
कैंप की व्यवस्थाओं को सुचारू करने के लिए 1 हजार वालंटियर 11 फरवरी सुबह 7 बजे से सेवाएं शुरू कर देंगे। इन्हें कैंप की व्यवस्थाएं समझाने के लिए शुक्रवार को पटेल मैदान में बैठक का आयोजन किया गया है। कैंप संचालन के लिए दिल्ली से आई टीमें वालंटियर व पैरा मेडिकल स्टॉफ के साथ समन्वय रखेंगी। शुक्रवार दोपहर बाद वालंटियर्स को उनके काम बता दिए जाएंगे।
भोजन व्यवस्था आजाद पार्क में
कैंप में आने वाले लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था आजाद पार्क में की गई है। यहां 1500 लोगों के लिए डॉक्टर्स फूड कोर्ट बनाया गया है। इसके अलावा अन्य लोगों को भोजन के पैकेट दिए जाएंगे। 30 से 40 हजार लोगों भोजन की तैयारियां की जा रही हैं। बुधवार को 300 लोगों की टीम ने भोजन की व्यवस्थाओं को अंजाम देने के लिए काम शुरू कर दिया।
आज से आएंगे डॉक्टर्स
मेगा शिविर में भाग लेने के लिए देश के विभिन्न
हिस्सों से डॉक्टर्स का आना शुक्रवार से शुरू होगा। कई विशेषज्ञ डॉक्टर गुरुवार को जयपुर पहुंच चुके हैं। इनके साथ ही पद्मभूषण डॉ के के अग्रवाल भी शुक्रवार को जयपुर पहुंच जाएंगे। कैंप के लिए 400 डॉक्टर बाहर से आ रहे हैं। सभी डॉक्टर्स को ठहराने के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।
चार टेली मेडिसन यूनिट
हैदराबाद अपोलो, बैंगलुरू, सिस्को एवं चंडीगढ़ पीजीआई की टेलीमेडिसन यूनिट गुरुवार को अजमेर पहुंच गई। यह यूनिट गंभीर बीमारियों से ग्रस्त लोगों के उपचार परामर्श के लिए सैटेलाइट के माध्यम से देश के जाने-माने विशेषज्ञ डॉक्टर्स से ऑनलाइन संपर्क करेगी।
यूथ कार्यकर्ता करेंगे रक्तदान
शिविर में यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता भी सहयोगी बनेंगे। लोकसभा उपाध्यक्ष मोहम्मद शबीर खान ने बताया कि यूथ कार्यकर्ता स्वयं सेवक के रूप में दोनों दिन सेवाएं देंगे। आवश्यकता पड़ने पर रक्तदान भी करेंगे। ब्राrाण अंतरराष्ट्रीय महासभा के सदस्य भी कैंप में सेवाएं देंगे। प्रदेश उपाध्यक्ष अंकुर त्यागी ने बताया कि कैंप में समाज के पुरुष, महिलाएं और युवा सहयोगी के रूप में सेवाएं देंगे। जय अंबे सेवा समिति संरक्षक गोपाल बाहेती ने बताया कि समिति के सदस्य कैंप में विभिन्न तरह से सहयोग करेंगे।
विधि विभाग ने बांटे पेंपलेट
कांग्रेस विधि विभाग के प्रदेश महासचिव के नेतृत्व में मेगा कैंप के 20 हजार पेंपलेट छपवा कर विभिन्न स्थानों पर वितरित किए गए। भटनागर ने बताया कि कैंप में सहयोग करने के लिए विधि विभाग के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं की समिति बनाई गई है। यूथ कांग्रेस की ओर से भी कैंप में सेवाएं दी जाएंगी।
व्यवस्थाएं देखी
गुरुवार को आईजी राजेश निर्वाण , एसपी राजेश मीणा, एएसपी लोकेश सोनवाल, अजयसिंह ने कैंप व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कांग्रेस शहर जिलाध्यक्ष महेंद्रसिंह रलावता, महापौर कमल बाकोलिया, यूआईटी चेयरमैन नरेन शाहनी भगत, डॉ लाल थदानी सहित कई अधिकारियों ने व्यवस्थाओंे कीं जानकारी ली।
मेगा शिविर में अपना सहयोग देने के लिए एचएमटी ऑफिसर्स एसोसिएशन के पदाधिकारी आगे आए हैं। अध्यक्ष आलोक गौड़ ने कैंप को अजमेर के लोगों के लिए लाभदायक बताते हुए इसमें लाभ लेने के लिए आग्रह किया है।
मनमुटाव भुलाकर सभी सहयोग करें
केंद्रीय दूर संचार राज्य मंत्री सचिन पायलट ने लोगों से पटेल मैदान में लगने वाले मेगा चिकित्सा शिविर का लाभ उठाने की अपील की है। पायलट ने बताया कि मेडिकल कैंप में हार्ट, न्यूरो व अस्थि रोगों सहित सामान्य और जटिल रोगों का उपचार किया जाएगा। उन्होंने जिले के सभी राजनीतिक पार्टियों के जनप्रतिनिधियों से राजनीतिक भेदभाव भुला कर मेगा कैंप में सहयोग करने का आग्रह करते हुए रोगियों को शिविर में पहुंचाने की अपील की है।