चिकित्सा शिविर में रजिस्ट्रेशन होगा आसान
Source: Dainik Bhaskar News | Last Updated 08:25(09/02/12)
अजमेर। अजमेर के सांसद व केंद्रीय सूचना संचार एवं प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री सचिन पायलट द्वारा लगवाए जा रहे मेगा चिकित्सा शिविर में किसी भी व्यक्ति के लिए रजिस्ट्रेशन कराना बहुत ही आसान होगा।
पटेल मैदान में 11 और 12 जनवरी को प्रस्तावित चिकित्सा कैंप की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए केंद्रीय दूर संचार राज्य मंत्री सचिन पायलट की भेजी एक टीम दिल्ली से अजमेर पहुंच चुकी है। बुधवार को टीम के सदस्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में लगे रहे। जिला प्रशासन, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग भी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है।
ऐसे होगा रजिस्ट्रेशन : कैंप के लिए पटेल मैदान में ही 50 तत्काल रजिस्ट्रेशन सेंटर बनाए जा रहे हैं। मरीज को तत्काल रजिस्ट्रेशन सेंटर पर पहुंचना होगा। यहां फार्म में उसका नाम, उम्र और उसकी तकलीफ को इंद्राज किया जाएगा। इसके साथ ही मरीज को फार्म पर अंकित प्री प्रिंटेड रजिस्ट्रेशन नंबर दे दिया जाएगा। मरीज को रजिस्ट्रेशन नंबर मिलने के बाद उसकी मेडिकल सेवाएं शुरू हो जाएंगी। सबसे पहले उसकी हाइट, वजन और ब्लड प्रेशर की जांच होगी। इसके बाद चिकित्सक परामर्श देंगे।
सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक चलेगा शिविर : मेगा कैंप सुबह 8 बजे शुरू होगा रात आठ बजे तक चलेगा। इस दौरान बाहर से आने वाले 400 चिकित्सकों के सहयोग के लिए 1100 चिकित्सक सहयोगी स्टॉफ होगा। जनरल ओपीडी में 300 डॉक्टर होंगे। ।
टेली मेडिसन की तीन वैन : कैंप में भाग लेने के लिए देश के जाने माने तीन चिकित्सा संस्थानों की टेली मेडिसन वैन अजमेर आएंगी। इनमें फोर्टिस, अपोलो हैदराबाद और पी जी आई चंडीगढ़ की टेली मेडिसन वैन होगी। फोर्टिस की वैन देश के सभी फोर्टिस अस्पतालों से एवं अपोलो हैदराबाद की वैन पांच अपोलो अस्पतालों से ऑन लाइन जुड़ी होगी।
यह होंगे विशेषज्ञ डॉक्टर : कैंप के लिए देश के जाने माने डॉ. के के अग्रवाल, डॉ. नरेश त्रेहान, डॉ. सजीव रॉय, डॉ. एम के भाटिया, डॉ. दीपेंद्र भटनागर, डॉ. अनूप जूरानी, डॉ. पुष्कर गुप्ता, डॉ. चंचल पॉल, डॉ. जयंत शर्मा सहित कई बड़े डॉक्टर कैंप में सेवाएं देंगे। कैंप में बाहर से आने वालों में 50 जनरल फिजीशियन, 10 गेस्ट्रोलॉजिस्ट, 20 आथरेपेडिक, 10 डॉयबिटीज व मोटापा, 20 सर्जन, 4 प्लास्टिक सर्जरी, 20 गायनिक, 2 बांझपन, 10 कान, नाक, गला, 20 नेत्र रोग, 8 दांत रोग, 4 चर्म रोग, 4 किडनी और मूत्र रोग,4 न्यूरो सर्जन , 4 कैंसर, 2 विभिन्न तरह के दर्द, 10 हार्ट स्पेशलिस्ट, 18 शिशु रोग, 3 शिशु सर्जरी के चिकित्सक आएंगे।
कांग्रेस नेताओं ने संभाली व्यवस्थाएं : कांग्रेस शहर अध्यक्ष महेंद्र सिंह रलावता के नेतृत्व में महिला कांग्रेस, युवक कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवादल की टीमों ने व्यापारिक, सामाजिक, मोहल्ला विकास समितियां और एनजीओ से संपर्क साधने का काम शुरू कर दिया गया। मेयर कमल बाकोलिया, यूआईटी चेयरमैन नरेन शाहनी सहित अन्य सभी बड़े नेता मेगा कैंप की व्यवस्थाओं को पूरा करने में जुटे हैं।
एचएमटी ऑफिसर्स एसोसिएशन मेगा कैंप में दो दिन अपनी सेवाएं देने के लिए आगे आई है। एसोसिएशन अध्यक्ष आलोक गौर ने पायलट की ओर से आयोजित किए जा रहे कैंप को बहु उपयोगी बताते हुए कहा कि एसोसिएशन के पदाधिकारी कैंप के लिए सेवाएं देंगे।
मरीज और रिश्तेदार खुशी-खुशी लौटें घर
कैम्प की व्यापक तैयारियां की कलेक्टर मंजू राजपाल ने बुधवार को समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे मानवीय दृष्टि से इस शिविर से जुड़कर ऐसी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें, जिससे आने वाला प्रत्येक मरीज और उसका रिश्तेदार यहां से खुशी खुशी घर लौटे। हार्ट केयर फाउंडेशन आफ इंडिया के सलाहकार डॉ. उदय काकरू ने बताया कि शिविर का उद्घाटन केंद्रीय संचार राज्यमंत्री सचिन पायलट दोपहर 12 बजे करेंगे।
कलेक्टर ने जेएलएन मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डा. निर्वाण, अधीक्षक डॉ. बृजेश माथुर, सीएमएचओ डॉ. लक्ष्मण हरचंदानी से चिकित्सा सेवाओं की जानकारी ली। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग से पीने के पानी के लिए टोंटी वाले विभिन्न टैंकर पटेल मैदान, आजाद पार्क तथा विभिन्न पार्किग स्थल पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिये। नगर निगम को पर्याप्त सफाई कर्मचारी लगाकर 24 घंटे सफाई व्यवस्था कराने तथा पर्याप्त मोबाइल व स्थाई शौचालय की व्यवस्था करने के निर्देश दिये । पुलिस अधीक्षक राजेश मीना ने शिविर के दौरान व्यापक सुरक्षा व्यवस्था करने एवं लगभग 3 हजार वाहनों की पार्किग विभिन्न स्थानों पर किए जाने वाले इंतजामों के बारे में बताया ।