शिकंजे में आई बेटी का सौदा करने वाला मां
Source: Bhaskar News | Last Updated 08:53(10/02/12)
गुढ़ागौडी. पैसों के लालच में बेटी बेच देने वाली मां को पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया। वह छह माह से फरार चल रही थी। थानाधिकारी विक्रमसिंह ने बताया कि आरोपी महिला भागोती को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार 08 अगस्त 2011 को प्रागपुरा के जगदीश ने मामला दर्ज कराया था कि उसकी नाबालिग भानजी को अशोक, जगदीश, मोहनलाल, मुकेश, मुरारी, राधेश्याम, कानाराम, बंशी, मूलचंद, गूलाराम आदि अपहरण कर ले गए तथा उसके साथ ज्यादती की।
उल्लेखनीय है कि भागोती की नाबालिग बच्ची ने बयान दिया कि 24 जून 2011 को उसकी मां उसे कपड़े दिलाने के बहाने गुढ़ा लेकर गई थी। जहां पर पहले से ही पुराने घूमचक्कर के पास दो-तीन गाड़ियां खड़ी थी। उसकी मां ने उसे गाड़ियों के पास से चलने को कहा।
जब वह गाड़ियों के पास से गुजरने लगी तो उसे जबरन पकड़ कर गाड़ी में डाल लिया गया व उसके मुंह पर कपड़ा बांध दिया। उसके बाद उसे पहाड़ों में ले जाकर अशोक ने उसके साथ शादी करने का दबाव बनाया।
अशोक ने उसे बताया कि उन्होंने उसकी मां भागोती को पैसे दिये हैं। उसके बाद अशोक ने उससे ज्यादती भी की। इस पर पुलिस ने बेटी को बेचने वाली मां को गिरफ्तार कर लिया।