ओह माई गॉड! चूहे ने किया 26 लाख का नुकसान
Source: dainik bhaskar news | Last Updated 08:43(10/02/12)
अजमेर। जेएलएन अस्पताल में बुधवार को हुए शॉर्ट सर्किट से पीबीएक्स जल गया। शार्ट सर्किट चूहे द्वारा तार काटने से हुआ बताया जा रहा है। इससे गुरुवार को अस्पताल के सभी 170 फोन पूरी तरह ठप रहे। पीबीएक्स मशीन नेत्र विभाग के पास स्थित एक कमरे में लगी हुई है। वायर जलने के बाद कमरे को खोलने पर पीबीएक्स मशीन के पास मरा हुआ चूहा मिला।
26 लाख का नुकसान : आग लगने से मशीन में लगे 24 कीमती कार्ड और मदरबोर्ड जल गया। इनकी कीमत लगभग 26 लाख रुपए है। शार्ट सर्किट के बाद अस्पताल के 170 फोन ठप होने से अस्पताल के विभिन्न विभागों का एक दूसरे से फोन संपर्क टूट गया। चिकित्सकों को भी एक-दूसरे से संपर्क करने में असुविधा हुई। जिसके चलते अस्पताल में सारा दिन मोबाइल फोन घनघनाते रहे। अस्पताल प्रशासन ने पीबीएक्स मशीन पर पहले चरण में 23 लाख 80 हजार रुपए की राशि खर्च की थी। बाद में इसे और आधुनिक बनाने के लिए लगभग 3 लाख रुपए और खर्च किए गए। अस्पताल प्रशासन ने पीबीएक्स मेंटीनेंस ठेके पर दे रखी है। पीबीएक्स मशीन सुधारने के लिए अस्पताल अधीक्षक ने ठेकेदार को बुलाकर शीघ्र ही मशीन सुधारने के निर्देश दिए हैं।
चूहों से बचाव पर हुई थी कार्यशाला : जवाहर लाल नेहरू अस्पताल में कुछ दिन पहले चूहों से निबटने के लिए कार्यशाला आयोजित की गई थी। कार्यशाला में अस्पताल स्टाफ को चूहों से निबटने के तरीके बताए गए थे। इसके साथ ही लोगों के लिए भी कुछ नियम तय किए गए थे। अस्पातल अधीक्षक बृजेश माथुर ने बताया कि पीबीएस शार्ट सर्किट की जांच के लिए एक कमेटी बनाई जा रही है। जांच के बाद ही पता चलेगा कि शार्ट सर्किट के लिए कौन जिम्मेदार है।