विज्ञापन
 
Home >> Rajasthan >> Ajmer >> Nadi In The Drowning Death Of Two Students

नाडी में डूबने से दो छात्रों की मौत

Bhaskar News | Aug 11, 2012, 06:21AM IST
 
 

अजमेर.गेगल के निकटवर्ती ग्राम कायमपुरा में शुक्रवार को नाड़ी में नहाते समय दो बच्चों की डूबने से मौत हो गई। मृतक आपस में चचेरे भाई थे और गांव के ही सरकारी स्कूल में चौथी कक्षा में पढ़ते थे। परिवारजनों की मनाही पर पुलिस ने बगैर पोस्टमार्टम कराए मृतकों के शव उन्हें सौंप दिए। हादसे से पूरे गांव के लोग सदमे में हैं। दोनों गरीब परिवार से थे। उनके पिता मजदूरी कर परिवार का पालन पोषण करते है।


ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मृतक परिवारों को आर्थिक सहायता देने की मांग की है। गेगल थाना पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है। पुलिस के मुताबिक कायमपुरा निवासी अजहरूद्दीन (13) पुत्र रज्जाक और तालीम (13) पुत्र राजोद्दीन की नाड़ी में डूबने से मौत हो गई। परिवारजनों ने पुलिस को बताया कि अजहरूद्दीन और तालीम दोनों दोपहर में नाड़ी पर नहाने के लिए निकले थे।

गांव में नरेगा योजना के तहत नाड़ी का निर्माण करवाया गया था। दो दिनों पूर्व हुई मूसलाधार बारिश से करीब 8 फिट गहराई की यह नाड़ी लबालब भर गई थी। अजहरूद्दीन और तालीम के साथ गांव के कई बच्चे नाड़ी पर नहा रहे थे। इसी दौरान दोनों नाड़ी में आगे की ओर चले गए। वहां गहराई ज्यादा थी। संतुलन बना नहीं इस कारण डूबने लगे। चीख पुकार सुनकर आसपास के बच्चों ने शोर शराबा किया।

मौके पर जब तक ग्रामीण पहुंचे तब तक दोनों बच्चे डूब चुके थे। ग्रामीणों ने दोनों बच्चों को नाड़ी से बाहर निकालकर जेएलएन अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। गेगल थानाप्रभारी चैनाराम सहित अन्य अधिकारी अस्पताल पहुंचे।परिवारजनों ने लिखकर दिया कि उन्हें बच्चों का पोस्टमार्टम नहीं करवाना। इस पर दोनों शव बगैर पोस्टमार्टम उन्हें सौंप दिए गए।

'नाडी में डूबने से दोनों बच्चों की मौत हुई है। मृतक आपस में चचेरे भाई हैं। परिवारजनों ने किसी तरह की कोई शंका जाहिर नहीं कर पोस्टमार्टम नहीं कराए जाने के लिए लिखकर दिया। इस पर पुलिस ने बगैर पोस्टमार्टम कराए मृतकों के शव उन्हें सौंप दिए।’’

चैनाराम पचार, थानाप्रभारी, गेगल थाना

पूरे गांव में पसरा मातम, नहीं जले चूल्हे

मासूम बच्चों की डूबने से हुई मौत की खबर मिलते ही पूरे गांव में गम का माहौल छा गया। मृतकों की अंतिम यात्रा में भारी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। सांयकाल गांव में किसी भी घर में चूल्हा तक नहीं जला। रोते बिलखते मृतक के परिवार के लोगों का बुरा हाल था। हर कोई उन्हें ढांढस बंधाता नजर आया। ग्रामीणों ने शिक्षा राज्यमंत्री नसीम अख्तर इंसाफ को हादसे की जानकारी देकर मृतक परिवारों को आर्थिक सहायता दिलाने की गुहार की है। पुलिस के मुताबिक परिवारजनों ने बताया कि अजहरूद्दीन और तालीम दोनों गांव के सरकारी स्कूल में चौथी कक्षा में पढ़ते थे।

छुट्टी के कारण दोनों नाड़ी पर नहाने गए थे। वहां अन्य बच्चों ने गहरे पानी का हवाला देते हुए दोनों को नाड़ी के बीचोंबीच जाने के लिए मना किया था। लेकिन नहाते-नहाते दोनों बीच में चले गए। तैरना नहीं जानते थे इस कारण डूबने लगे। बाकी बच्चों में से भी कोई अच्छा तैराक नहीं था। इसलिए उन्हें बचाया नहीं जा सका।

हर किसी के चेहते थे मासूम :

हादसे के बाद पूरा गांव सदमे में हैं। अजहरूद्दीन और तालीम दोनों के पिता दहाड़ी मजदूरी करते हैं। दोनों बच्चे पढ़ने में होनहार थे। दोनों का व्यवहार ऐसा था कि उन्होंने सभी का मन मोह लिया था। इस कारण गांव में हर किसी के चेहते थे। मौत की खबर से आहत परिवार के लोगों का रो रोकर बुरा हाल था। शोक संतृप्त परिवार के लोगों को ग्रामीणों ने ढांढस बंधाया।
 
 
 

आपके विचार
 
 
कोड:
4 + 2

 
Ad Link
विज्ञापन
विज्ञापन
 
 
 
 
Sabse Bada Match Fixer Contest
 
 

बड़ी खबरें

रोचक खबरें

विज्ञापन

बॉलीवुड

जीवन मंत्र

क्रिकेट

बिज़नेस

जोक्स

पसंदीदा खबरें

Email Print Comment
Email Print Comment