प्रदेशभर में मंडियां बंद, कारोबार प्रभावित
Source: Bhaskar News | Last Updated 00:18(28/01/12)
जयपुर.फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड एक्ट में लागू की जा रही लाइसेंस नीति के विरोध में पहले दिन शुक्रवार को प्रदेशभर की 247 मंडियां बंद रही और कोई कारोबार नहीं हो पाया। इसके चलते करीब 8000 करोड़ रुपए का कारोबार प्रभावित हुआ है।
तीन दिवसीय बंद के आह्वान के तहत शनिवार और रविवार को भी मंडियां बंद रहेंगी।
राजस्थान खाद्य पदार्थ व्यापार संघ के अध्यक्ष बाबूलाल गुप्ता ने बताया कि लाइसेंस नीति के खिलाफ जनजागृति अभियान देश के सभी व्यापारियों को जागृत करने के लिए चलाया गया है। इसके परिणाम स्वरूप महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु, केरल, बंगाल, बिहार, मध्यप्रदेश, गुजरात आदि राज्यों में भी व्यापारियों ने अपना पूर्ण विरोध शुरू कर दिया है।
राष्ट्रीय स्तर पर भारतीय उद्योग व्यापार मंडल की बैठक में इस एक्ट में शामिल किए गलत प्रावधानों को ठीक करवाने की मांग की गई है। उन्होंने बताया कि व्यापार बंद के दौरान मंडियों में धरना, प्रदर्शन किए गए और मुख्यमंत्री के नाम से ज्ञापन दिए गए।
उन्होंने मांग की कि अनाज मंडियों को लाइसेंस प्रक्रिया से बाहर रखा जाए। लाइसेंस की फीस जो 6 रुपए और 12 रुपए से 2000 रुपए और 7500 रुपए कर दी है, उसे कम किया जाए।
गुप्ता ने बताया कि बंद के दौरान भरतपुर में चाय, किराना और रिटेल व्यापार, सुमेरपुर, विजयनगर, भीनमाल, कोटा में सभी रिटेलर हलवाई केटर्स ने, बीकानेर, सुजानगढ़, दौसा में किराना रिटेलर्स ने अपना कारोबार बंद रखा।
सीकर में व्यापारियों का बंद सफल रहा। यहां खुदरा व्यापारियों ने समर्थन की घोषणा करते हुए शनिवार और रविवार को बंद रखने का फैसला किया है। उदयपुर में भी व्यापारियों ने प्रतिष्ठान बंद रखे। व्यापारियों की ओर से शनिवार को मुख्यमंत्री के उदयपुर दौर के दौरान ज्ञापन दिया जाएगा। शुक्रवार को व्यापारियों ने मंडी के द्वार पर धरना दिया।
ये मंडियां रहीं बंद
राज्य का विभिन्न मंडियों से मिली जानकारी के अनुसार भरतपुर, सुमेरपुर, विजयनगर, ब्यावर, झुंझुनूं, बाड़मेर, नोखा, चूरू, रतनगढ़, सुजानगढ़, लाडनूं, किशनगढ़, नसीराबाद, कोटा, रामगंजमंडी, भवानीमंडी, बारां, अटरू, छबड़ा, बूंदी, टोंक, देवली, केकड़ी, निवाई, चाकसू, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, पदमपुर, करणपुर, रावतसर, सरदारशहर, उदयपुर, बांसवाड़ा, अलवर, खैरथल, खेरली, राजगढ़, जैसलमेर, सलूंबर, राजसमंद, हिंडौन, गंगापुर सिटी, सवाई माधोपुर, दौसा, मंडावर, महुवा, डीग, बयाना, प्रतापगढ़, निंबाहेड़ा, नीमकाथाना, श्रीमाधोपुर, चौमूं, बगरू, भीनमाल, सांचौर, नवलगढ़, लूणकरणसर सहित सभी 247 में कारोबार बंद रहा।