‘लालबत्ती वाले नेता ज्यादा हैं, इसलिए कार्यकारिणी में देरी’
Source: Bhaskar News | Last Updated 07:41(09/02/12)
सीकर. यहां तीसरी बार आए कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष डा. चंद्रभान ने जिला कार्यकारिणी कमेटी की सूची अब तक जारी नहीं होने के सवाल पर कहा कि जिले में लालबत्ती वाले बड़े नेता ज्यादा हैं।
इसलिए इनसे आम सहमति जरूरी होती है। अगले एक-दो दिन में सूची जारी कर दी जाएगी। वे बुधवार को सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने माना, जिला कार्यकारिणी की सूची में देरी होना चिंता की बात है। संगठनात्मक दृष्टि से इस व्यवस्था में बदलाव जरूरी है। बाकी 20 जिला कांग्रेस कमेटियों की सूची अगले 20 दिन में हर हाल में जारी कर दी जाएगी।
बड़े नेताओं की फिसली रही जुबान पर उन्होंने कहा कि बड़े नेताओं को संयम बरतना चाहिए। उनसे मैं खुद आग्रह कर रहा हूं कि वे संभलकर बोले। गलत बोलने पर छोटे नेताओं पर कार्रवाई करने के सवाल पर उन्होंने कहा कि अभी तक मैंने किसी कार्यकर्ता के खिलाफ कार्रवाई नहीं की है। बड़े नेताओं को भी संभलकर बोलना चाहिए, क्योंकि बाकी कार्यकर्ता भी उनसे ही सीखते हैं। इस दौरान जिलाध्यक्ष गोविंदसिंह डोटासरा व प्रदेश उपाध्यक्ष हनीफ खत्री ने प्रदेश अध्यक्ष को संगठन की गतिविधियों से अवगत कराया।
किस मुद्दे पर क्या बोले चंद्रभान
विधानसभा चुनाव : डा. चंद्रभान ने कहा, ग्रास रूट पर कार्यकर्ता खड़े करने हैं। ताकि जनसंपर्क अभियान में लाभ मिल सकेंगे। राजनीतिक दलों को हमेशा जनता के बीच होना चाहिए। इसका सीधा लाभ विधानसभा चुनाव में मिलेगा। हालांकि चुनाव में अभी वक्त है, मगर अभी से तैयारी के साथ जुटना होगा।
क्या करेंगे : फरवरी, मार्च व अप्रैल में राजनीतिक सम्मेलन सहित सदस्यता अभियान चलाया जाएगा।
2015 तक सदस्यता अभियान चलाएंगे। ब्लॉक व जिला स्तर के अलावा ग्राम पंचायत स्तर पर कमेटियां जल्द घोषित की जाएगी। हर विधानसभा क्षेत्र में पार्टी का समन्वयक नियुक्त हो चुके हैं। इन्हें ट्रेनिंग भी दी जाएगी। कमेटियों की बैठक भी जल्द होगी। कार्यकर्ता सम्मेलन भी कराएंगे, जिनमें पार्टी की नीति, सिद्धांत व विचारधारा का पाठ पढाएंगे। केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियां आम जनता तक लेकर जाएंगे।
राजनीतिक सम्मेलन : इसी महीने में फतेहपुर में राजनीतिक सम्मेलन आयोजित करेंगे। इसके बाद खेतड़ी, झुंझुनूं, नीमकाथाना, हनुमानगढ़ में भी सम्मेलन होंगे। हमारी बड़ी चिंता यही है कि ग्राम स्तर पर काम हो। इसके लिए प्लान के साथ जुटेंगे।
कई जगह कमेटियां : डा. चंद्रभान ने कहा, कई जिलों में नीचे के स्तर पर कमेटियों की घोषणा हो गई जो ठीक नहीं है। इसके लिए पार्टी का अलग प्रोसेस है।
तालमेल : प्रदेशाध्यक्ष ने कहा, सत्ता व पार्टी में तालमेल है। यह निचले स्तर तक दिखाई देना जरूरी है। सभी मिलकर काम कर रहे हैं।
अधिकारियों की कमी : जिले में महत्वपूर्ण प्रशासनिक पद खाली रहने के सवाल पर उन्होंने कहा कि अधिकारियों की भर्ती बड़े स्तर पर होनी चाहिए। आरएएस पदों की भर्ती निकाली गई है। राज्य में आईएएस व आरएएस की कमी है।
कर्नाटक विधानसभा मामला : कर्नाटक विधानसभा में भाजपा सरकार के दो मंत्रियों द्वारा अश्लील क्लिपिंग देखने के मामले में प्रदेशाध्यक्ष डा.चंद्रभान ने कहा कि इससे बीजेपी के चाल-चरित्र का पता चलता है। ऐसे मंत्रियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। वहीं सर्किट हाउस रुके चिकित्सा राज्य मंत्री डा. राजकुमार शर्मा ने कहा, सदन की अपनी गरिमा है। यह घटना पार्टी की सोच दिखाती है। ऐसे मंत्रियों पर कार्रवाई होनी चाहिए।