जयपुर। छात्रसंघ चुनाव नजदीक आते ही राजस्थान यूनिवर्सिटी में छात्रगुटों की सरगर्मी बढ़ गई है। आए दिन छात्र हुड़दंग कर रहे हैं। सोमवार को भी सीट वृद्धि की मांग और संघटक कॉलेजों के ऑनर्स विषय में 90 प्रतिशत छात्रों को फेल करने या उपस्थित को अनुपस्थित दर्शाने के विरोध में छात्रों ने ढाई घंटे हुड़दंग किया। एनएसयूआई से जुड़े छात्रों ने मेनगेट बंद कर ट्रैफिक रोक दिया। इस कारण करीब आधे घंटे तक कोई यूनिवर्सिटी में दाखिल नहीं हो सका। पुलिस ने भी प्रदर्शनकारी छात्रों को मुख्य द्वार से नहीं हटाया।