स्कूल से पढ़ाया जाएगा शेयर बाजार का पाठ
Source: Bhaskar News | Last Updated 08:43(10/02/12)
सीकर. आने वाले समय में शेयर बाजार की भाषा और उसमें निवेश को समझना आसान होगा। सेबी की सलाह पर सरकार सीबीएसई पाठ्यक्रम में फाइनेंशियल एजुकेशन को भी शामिल करने जा रही है।
शेयर बाजार और म्यूचुअल फंड से जुड़े चैप्टर 10वीं तक की शिक्षा में शामिल किए जाएंगे। ताकि स्टूडेंट्स में बाजार की समझ विकसित की जा सके। इसके लिए कई सेक्टरों के नियामकों के साथ मिलकर एक राष्ट्रीय नीति तैयार की जा रही है। सेबी द्वारा लंबे समय से स्कूली स्तर पर वित्तीय शिक्षा व्यवस्था की आवश्यकता पर जोर दिया जा रहा था।
नई नीति के तहत मानव संसाधन विकास मंत्रालय देश के विभिन्न नियामकों के साथ मिलकर सेंट्रल बोर्ड ऑफ सैकंडरी एजुकेशन (सीबीएसई) के स्कूली पाठ्यक्रम में शामिल किए जाने वाले चैप्टरों का चयन किया जा रहा है।
फिलहाल कॉमर्स में सीबीएसई की 11वीं कक्षा में प्रवेश पर ही शेयर बाजार और म्यूचुअल फंड से जुड़े पाठ पढ़ाए जाते हैं। जो इस क्षेत्र में प्रवेश नहीं लेता है, उसे शेयर बाजार की जानकारी नहीं हो पाती है। इससे निवेशकों को खासी परेशानी की सामना करना पड़ता है।
आईसीएफई में है फाइनेंस चैप्टर
इंडियन सर्टिफिकेट ऑफ सैकंडरी एजुकेशन एक्जामिनेशन (आईसीएफई) बोर्ड की ओर से 10वीं कक्षा में फाइनेंस का एक चैप्टर पढ़ाया जा रहा है। इसमें शेयर बाजार, बैंकिंग, फाइनेंस आदि से जुड़ी विषय वस्तु की जानकारी दी जा रही है। अब सरकार इसी तर्ज पर सीबीएसई बोर्ड में फाइनेंस चैप्टर पाठ्यक्रम में शामिल करने जा रही है।