इस भोली-भाली सूरत के पीछे छुपा है एक शातिराना सच!

कोटा.काल सेंटर में रुपए लगाने के नाम पर दो व्यक्तियों से 6 लाख रुपए ठगने वाली एक युवती को भीमगंजमंडी पुलिस ने पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया है। युवती का भाई अभी पुलिस की पकड़ से दूर है। दोनों स्टेशन इलाके में रहकर कॉल सेंटर चलाते थे। भीमगंजमंडी सीआई नेत्रपाल सिंह ने बताया कि स्टेशन निवासी प्रीतम सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि पश्चिम बंगाल के वर्धमान जिला निवासी तपस्या मित्रा व उसके भाई अभिंजय मित्रा स्टेशन इलाके में कॉल सेंटर चलाते थे। उन्होंने बीएमए वेस्ट क्रिएटिव लिमिटेड के नाम से फर्म भी बनाई हुई थी।
दोनों ने प्रीतम सिंह से कॉल सेंटर में 5 लाख रुपए लगाने के लिए और उसके बदले में मोटा मुनाफा देने का लालच दिया। इसी प्रकार उन्होंने मंजीत सिंह से भी 1 लाख रुपए ले लिए। अप्रैल माह में दोनों भाई-बहन ताला लगाकर फरार हो गए। दोनों भाई-बहनों ने अपनी फर्जी आईडी बना रखी थी। पुलिस के पास उन्हें पकड़ने का कोई क्लू नहीं था। इसी दौरान पता चला कि एक जेवरात के शोरूम पर वह हर महीने किश्त चुकाते हैं।
पुलिस ने शोरूम पर पता किया तो यह पता चला कि उन्होंने खाते को बंगाल के वर्धमान में ट्रांसफर करवा लिया है। अब वह 20 से 30 जून तक खाते में किश्त जमा करवाएंगे। इस पर पुलिस टीम वर्धमान भेजी गई। पुलिस टीम 20 से 30 जून तक वर्धमान में तलाश में जुटी रही। 30 जून को तपस्या जेवरात के शोरूम पर किश्त जमा कराने पहुंची और पुलिस टीम ने उसे दबोच लिया। उससे भाई के बारे में पूछताछ की, लेकिन वह नहीं मिला। बंगाल पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया। बाद में पुलिस प्रोडक्शन वारंट पर उसे लेकर आई है। पुलिस ने मंगलवार को तपस्या को ठगी के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है।






