बेटे की शादी के लिए तिनका-तिनका जोड़ा, सबकुछ कर दिया साफ
Source: Bhaskar News | Last Updated 08:22(09/02/12)
कोटा. केशवपुरा व महावीर नगर विस्तार योजना में मंगलवार रात दो सूने मकानों के ताले टूटे। चोर करीब 90 हजार रुपए नकद और हजारों के सोने-चांदी के जेवरात चुराकर ले गए। चोर एक मकान से दो गैस के भरे सिलेंडर भी चुराकर ले गए। एक परिवार शादी में गया था, जबकि दूसरे परिवार का मुखिया पिछले 22 दिन से अस्पताल में भर्ती है।
चार दिन पहले ही 50 हजार उधार मांग कर लाए थे
विद्युत निगम के एसई कार्यालय में तैनात चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी केशवपुरा निवासी ओमप्रकाश शर्मा अपने रिश्तेदार की शादी में मंगलवार रात 9.30 बजे गए थे। रात को उनका बेटा 10 बजे घर भी आया, लेकिन घर के बाहर ताला देखकर शादी में ही चला गया। उसके बाद सवा 11 बजे परिवार लौटा तो घर का ताला टूटा हुआ था, लेकिन दरवाजे की कुंडी लगी हुई थी।
दरवाजा खोलकर अंदर कमरे में गए तो वहां रखी दोनों अलमारियों के भी ताले टूटे हुए थे। उसमें रखे 90 हजार रुपए, 6 तोले सोने के जेवरात व आधा किलो चांदी के जेवरात, दो वीडियो कैमरे सहित अन्य सामान गायब थे। ओमप्रकाश ने इसकी सूचना रात को ही पुलिस कंट्रोल रूम को दी। फ्लाइंग मौके पर पहुंची और घर का मुआयना किया।
उसके बाद ओमप्रकाश महावीर नगर थाने पहुंचे और लिखित में रिपोर्ट दी। पुलिस ने तब यह कहकर टाल दिया कि सुबह आना, रिपोर्ट सुबह दर्ज कि जाएगी। वे सुबह गए और एफआईआर पर हस्ताक्षर करके आए। उनका कहना है कि तब उन्हें कहा था कि पुलिस अधिकारी मुआयना के लिए आएंगे, लेकिन वे सुबह से रात तक इंतजार करते रहे।
महावीर नगर पुलिस उनके घर पर कार्रवाई के लिए नहीं पहुंची। उन्होंने बताया कि उनके छोटे बेटे की 4 अप्रैल शादी है। उसके लिए सोने के जेवरात बनाने के लिए चार दिन पहले ही 50 हजार उधार लिए थे। एक दो दिन में जेवरात बनाने का ऑर्डर देने जाने वाले थे। उससे पहले ही चोर वारदात को अंजाम दे गए। चोरों ने केवल उन्हीं अलमारियों को छेड़ा, जिसमें रकम और जेवरात रखे थे।
खाना भी हलक से नहीं उतरा
ओमप्रकाश ने बताया कि चोरी से पूरे परिवार सदमे है। शादी की तैयारियों को धक्का सा लगा है। फिर से इतने सारे रुपयों का इंतजाम कैसे होगा। सदमे के चलते परिवार के अधिकतर सदस्य दिनभर से भूखे हैं। पत्नी और वे इतने दुखी हैं कि हलक से खाना तक नहीं उतरा है।
मुखिया अस्पताल और घर में घुस गए चोर
महावीर नगर विस्तार योजना के सूने मकान में चोर मंगलवार रात सोने-चांदी के जेवरात व भरे हुए दो गैस सिलेंडर चुराकर ले गए। परिवार का मुखिया 22 दिन से गंभीर हालात में अस्पताल में भर्ती है। परिवार पर चोरी से दो तरफा आफत आ गई। महावीर नगर विस्तार योजना निवासी कविता टेकवानी ने बताया कि उनके पति हरीश टेकवानी को 17 जनवरी को ब्रेन हेमरेज हुआ था।
उसके बाद से वे गंभीर हैं और तलवंडी के निजी अस्पताल में भर्ती हैं। पूरा परिवार उनकी तीमारदारी में लगा हुआ है और मकान अधिकतर समय सूना रहता है। मंगलवार रात को उनके घर के ताले तोड़ कर घर में घुसे और ढाई तोले के सोने के जेवरात, चांदी की पायजेब, सिक्के, घर में रखे भरे गैस के दो सिलेंडर व मकान के आधे अधूरे कागजात चुराकर ले गए। बुधवार सुबह उनके ब्यूटीपार्लर पर कोर्स करने वाली युवती पूजा मकान पर पहुंची तो उसने ताले टूटे होने की सूचना दी। महावीर नगर थाने में चोरी का मामला दर्ज कराया।
नयापुरा में भी हाल ही में एक साथ दो घरों के टूटे थे ताले
26 जनवरी को नयापुरा के बजरंग नगर और आकाशवाणी कॉलोनी में भी दोपहर को ही दो घरों के ताले टूटे थे। वहां से भी नकदी और जेवरात चोरी हुए थे। पुलिस उनका पता नहीं लगा पाई है कि दूसरे इलाके में फिर से वैसी ही वारदात हो गई। महावीर नगर इलाका वैसे भी चोरों का विशेष टारगेट रहता है। यहां एक साथ चोरियों का सिलसिला लगता है।