अजमेर में सीरियल ब्लास्ट की धमकी, वेटर सहित दो गिरफ्तार

अजमेर.शहर में पाकिस्तानी आतंकी घुसने और सीरियल बम ब्लास्ट की धमकी मिलने से मंगलवार को जिला पुलिस और गुप्तचर एजेंसियों की नींद उड़ गई। हालांकि धमकी बोगस निकली।
दिनभर मशक्कत करने के बाद धमकी भरा फोन करने वाले दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक तौर पर सामने आया है कि आरोपी एक होटल में बतौर वेटर काम करते हैं। उन्होंने यह कदम शरारत में उठाया या उनकी मंशा कुछ और थी। इस बारे में पुलिस और गुप्तचर एजेंसियों के अधिकारी कोतवाली थाने में बारीकी से आरोपियों से पूछताछ कर रहे हैं।
कॉल से मचा हड़कंप
सीआईडी जोन ऑफिस में दोपहर करीब 3.27 बजे किसी अज्ञात युवक ने मोबाइल नंबर 9302929579 से कॉल करके शहर में पाक आतंकी घुसने और सीरियल बम धमाके करने की धमकी दी। कॉल से सीआईडी दफ्तर में हड़कंप मच गया। सूचना पुलिस कंट्रोल रूम देकर आईजी व एसपी को इससे अवगत कराया गया। आईजी के आदेश पर पूरे शहर में अलर्ट कर दिया गया। धर्मशाला, होटल, गेस्टहाउस और अन्य ठहरने की जगहों पर पुलिस दलों ने जांच कर आने-जाने वालों का ब्यौरा जुटाया। बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन सहित अन्य सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस चौकसी बढ़ा दी गई। शहर में आने-जाने वाले वाहनों की चैकिंग की गई।
एकाएक पुलिस की सजगता से शहरवासियों में किसी बड़ी वारदात होने की आशंका फैल गई। सायंकाल पुलिस के आला अधिकारियों ने यह स्पष्ट किया कि धमकी बोगस पाई गई। पुलिस ने इस मामले में गंज स्थित इंडिया गेस्ट हाउस से मंदसौर निवासी प्रवीण सिंह (45) पुत्र कारे सिंह जाट और उसके साथी मोहन को गिरफ्तार कर लिया। प्रवीण होटल में वेटर का काम करता है।
यूं कसा शिकंजा
पुलिस के मुताबिक सीआईडी जोन से जैसे ही धमकी भरे फोन की जानकारी मिली सेलफोन ट्रेसिंग पर लगा दिया गया। फोन की लोकेशन गंज इलाका आई। एसपी राजेश मीणा, एडीशनल एसपी (शहर) लोकेश सोनवाल, एएसपी डॉ. राजीव पचार, सीओ दरगाह अनिल सिंह चौहान, सीओ साउथ राकेश काछवाल, सीओ ट्रैफिक जयसिंह राठौड़, प्रशिक्षु आरपीएस डॉ. विनीता शर्मा, क्लॉक टावर थानाप्रभारी प्रमोद स्वामी सहित अन्य पुलिस अधिकारी मय जाब्ता मौके पर पहुंचे। गंज क्षेत्र में घेराबंदी कर ली गई। मोबाइल टॉवर की लोकेशन इंडिया गेस्ट हाउस मिली। पुलिस ने गेस्ट हाउस से दो संदिग्ध युवकों को धर दबोचा।
कमीशन के झगड़े में हुई शरारत!
पुलिस के मुताबिक प्रवीण गेस्ट हाउस में वेटर है। उसका साथी अलवर गेट निवासी विष्णु और एक अन्य नशे में धुत हुए गेस्ट हाउस के नीचे खड़े थे। इसी दौरान कोई जायरीन नीचे से गुजरा। तीनों उसे गेस्ट हाउस में कमरा दिलाने के लिए पीछे दौड़े। कमीशन को लेकर तीनों में झगड़ा हो गया। जायरीन वहां से चला गया। इधर, विष्णु भी मौके से रफूचक्कर हो गया। प्रवीण व उसके साथी में से एक ने आवेश में आकर सेलफोन से सीआईडी जोन में धमकी भरा कॉल कर दिया। बाद में दोनों गेस्ट हाउस में छिप गए।
धमकी के बाद मॉक ड्रिल
शहर में बम ब्लास्ट की धमकी के बाद रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ और जीआरपी की टीमों में ट्रेनों की गहनता से तलाशी ली। डॉग स्क्वायड और मेटल डिटेक्टर से परिसर का चप्पा-चप्पा खंगाला। आरपीएफ के मुताबिक रेलवे स्टेशन अधीक्षक ने सूचित किया था कि ट्रेन संख्या 19707 में संदिग्ध लोग सवार हैं। सूचना पर जवानों ने सजगता बरती। हर आने-जाने वाले यात्रियों की तलाशी ली गई। सीसी टीवी कैमरों की रिकार्डिंग खंगाली गई। यह पूरी कार्रवाई मॉक ड्रिल का हिस्सा थी।
'बम ब्लास्ट की धमकी देकर दहशत फैलाने वाले दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है कि इस करतूत के पीछे उनकी क्या मंशा थी। आरोपियों के नाम पते की तस्दीक कर उनके संपर्क सूत्रों को खंगाला जा रहा है।'
राजेश मीणा, एसपी










