राजस्थान में दिखा बर्फ का पेड़, शिमला जैसी ठंड़!
Source: Bhaskar News | Last Updated 07:28(10/02/12)
प्रदेश के विभिन्न अंचलों से- हिमाचल में लगातार पड़ रही बर्फ के कारण राज्य में फाल्गुन माह में भी पौष जैसी कड़ाके की ठंड पड़ रही है। गुरुवार अलसुबह प्रदेश के सात स्थानों पर पारा जमाव बिंदू से नीचे पहुंच गया। शेखावाटी के चूरू में आठ साल बाद फरवरी में बर्फ जमी व पारा माइनस 1.0 डिग्री पर पहुंचा। सीकर के फतेहपुर कस्बे में पारा लगातार तीसरे दिन जमाव बिंदू से नहीं रहा।
गुरुवार को माइनस 2.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया जो प्रदेश में सबसे ठंडा है। जैसलमेर जिले के चांधण में पारा पिछले दिन के माइनस 2 से भी लुढ़क कर माइनस 2.5 पर पहुंच गया। पाली में माइनस 0.5 डिग्री तक तापमान पहुंचने से बर्तनों में रखा पानी जम गया।
माउंटआबू में पारा माइनस दो डिग्री पर जाने से अल सुबह मैदानों, पेड़ों के पत्तों तथा वाहनों के कांच पर हल्की बर्फ की परत जम गई। दौसा, बाड़मेर व श्रीगंगानगर में तो सुबह फसलों और कई जगह खेजड़ी जैसे पेड़ों पर बर्फ जमी देखी। पाली कलक्टर ने शीतलहर को देखते हुए 8 वीं तक की सभी स्कूलों में दो दिन का अवकाश घोषित किया है।