गर्भस्थ शिशु की मौत के बाद मां ने भी दम तोड़ा
Source: Bhaskar News | Last Updated 06:43(08/02/12)
कोटा. सोमवार को बेकाबू जीप की टक्कर से घायल हुई महिला ने मंगलवार को दम तोड़ दिया। महिला का इसी दिन अंतिम संस्कार भी कर दिया गया।
घटना में घायल होने के चलते महिला को उसका पति मुखाग्नि भी नहीं दे पाया। इस कारण उसे देवर ने ही मुखाग्नि दी। गर्भवती महिला के गर्भ में पल रहे बच्चे की हादसे में कुछ घंटे पहले की मौत हो चुकी थी। महिला के अंतिम संस्कार में पूरी कॉलोनी शामिल हुई और हर व्यक्ति की आंखों से आंसू टपक रहे थे।
पति रिश्तेदारों से पत्नी की तबीयत के बारे में पूछ रहा था, लेकिन परिजन उसे झूठा दिलासा देने में लगे हुए थे। कोई भी सच्चाई बताने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा था। वहीं घायल मासूम को भी इस बात का जरा भी अंदाजा नहीं था कि उसे पालने में खिलाने वाली मां इस दुनिया में नहीं रही है।