हत्या के मामले में मुख्य आरोपी भी गिरफ्तार
Source: Dainik Bhaskar News | Last Updated 05:01(09/02/12)
उदयपुर रेलवे ग्राउंड से ले जाकर जीजा लक्ष्मी लाल की हत्या कर डांगियों का गुड़ा में शव फेंकने के मामले में मुख्य आरोपी दूर के रिश्ते में साले राजू गायरी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ में राजू ने बताया कि लक्ष्मी लाल ने उसकी मंगेतर को उसके अपराधी प्रवृत्ति का होने की बात कहते हुए भड़काया था। सगाई टूटने से नाराज होकर ही उसने लक्ष्मी लाल की हत्या कर दी।
पुलिस के मुताबिक ओटों का गुड़ा में बेदला माता मंदिर के समीप रहने वाले लक्ष्मी लाल (22) पुत्र लोगर गायरी की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी उत्तरी सुंदरवास निवासी राजू (24) पुत्र गंगाराम गायरी को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया गया। 31 जनवरी को वारदात के बाद शव मिलने का पता चलने पर यह आरोपी फरार हो गया था।
इस आरोपी ने उदयपुर से भागने के बाद चित्तौड़ के सांवरियाजी, शनि महाराज, आवरी माता व ईडाणा माता मंदिर आदि धार्मिक स्थलों पर फरारी काटी। पुलिस को बुधवार को सूचना मिली कि राजू प्रतापनगर इलाके में नागदा पेट्रोल पंप के पास से जा रहा है।
सब इंस्पेक्टर भंवरसिंह, एएसआई रूपलाल, कांस्टेबल सुरेंद्रसिंह व गोवर्धनलाल की टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। वारदात में सहयोगी अरविंद (24) पुत्र इंद्रपाल सालवी, जितेंद्र उर्फ जीतू (21) पुत्र उदयलाल सालवी और विक्रम सिंह उर्फ विक्की (27) पुत्र महेंद्र सिंह राठौड़ को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।