अपहरण व हत्या का मुख्य आरोपी प्रदीप भाटी कोटा में गिरफ्तार
Source: dainik bhaskar news | Last Updated 06:21(06/02/12)
उदयपुर/कोटा. पेसिफिक इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्र शेखर पांचाल के अपहरण व हत्या के मुख्य आरोपी प्रदीप भाटी को रविवार शाम को पुलिस ने कोटा के इंद्रविहार से पकड़ लिया। पकड़े जाने की सूचना पर उदयपुर पुलिस का दल उसे लेने के लिए रवाना हो गया है। प्रदीप भाटी एक माह तक देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर रहकर फरारी काटता रहा। वह रुपए की जुगाड़ में कोटा आया था। उदयपुर रेंज आईजी ने आरोपी पर 4 हजार और एसपी ने 2 रुपए का इनाम घोषित किया हुआ है।
दादाबाड़ी निवासी प्रदीप भाटी पर उदयपुर के पेसिफिक इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्र शेखर पांचाल का 31 दिसंबर को अपहरण करने का आरोप था। बाद में शेखर का शव कोटा की नांता नहर में 10 जनवरी को मिला था। हत्या के बाद से ही प्रदीप भाटी एक माह से अधिक समय तक फरार था। उदयपुर पुलिस ने फिरौती लेने आने वाले एक साथी प्रदीप के मित्र मुकेश सोनी को 9 जनवरी को गिरफ्तार किया था। प्रदीप ने पुलिस को चकमा देने के लिए हरिद्वार में एक सुसाइड नोट छोड़ा और सामान छोड़कर फरार हो गया था।
उदयपुर में कर दी थी हत्या!
अभी तक की जानकारी से यह कयास लगाया जा रहा है कि प्रदीप ने शेखर के अपहरण के बाद हत्या उदयपुर में ही कर दी थी। अपहरण के बाद एक करोड़ रुपए और पांच किलो सोने की फिरौती मांगने पर उदयपुर पुलिस सक्रिय हो गई थी। उसके डर के चलते ही भाटी ने शेखर की हत्या कर दी। बाद में उसका शव बोरियों में बंद कर शव नहर में फेंक दिया था।