राज्यदिल्ली
मध्य प्रदेश
राजस्थान
छत्तीसगढ़
हिमाचल
पंजाब
हरियाणा
चंडीगढ़
उत्तर प्रदेश
बिहार
झारखंड
महाराष्ट्र
गुजरात
जम्मू-कश्मीर
बीएससी नर्सिग का पेपर परीक्षा से पहले बाजार में
भवभूति भट्ट | Dec 12, 2012, 03:58AM IST
उदयपुर.बीएससी नर्सिग के प्रथम वर्ष साइकोलॉजी का पर्चा परीक्षा से कई घंटे पहले बाजार में बिका। इसके लिए प्रति प्रश्न पत्र चार से पांच हजार रु. वसूले गए। परीक्षा में आए प्रश्न इससे हूबहू मिले। परीक्षा से कुछ घंटे पहले भास्कर ने प्रश्न पत्र की एक प्रति कलेक्टर के पास भी भेजी।
कलेक्टर विकास एस भाले ने इस बात की तस्दीक की है कि बाजार में बिके पर्चे और परीक्षा में आए पर्चे के पांच सवाल एक ही हैं। राजस्थान हैल्थ एंड साइंस यूनिवर्सिटी के मुख्य परीक्षा नियंत्रक विनोद बियानी ने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी। बात सही निकली तो यह परीक्षा निरस्त कराकर दोबारा कराई जाएगी।
मंगलवार को सभी नर्सिग कॉलेजों में प्रथम वर्ष साइकोलॉजी की परीक्षा में राज्य से करीब पांच हजार से अधिक अभ्यर्थी बैठे। परीक्षा से एक दिन पहले ही हस्तलिखित प्रश्न पत्र बाजार में बिका।
सूत्रों के अनुसार यह प्रश्न पत्र नर्सिग से जुड़े कुछ लोगों ने ही बेचे हैं और प्रति प्रश्न पत्र चार से पांच हजार रुपए भी वसूले हैं। पर्चा बेचकर लाखों के वारे न्यारे किए गए। जानकारी के अनुसार उदयपुर में इस गिरोह ने परीक्षा की तैयारी भी करवाई और छात्र-छात्राओं को परीक्षा से ठीक पहले ही अपने ठिकाने से बाहर निकाला।
भास्कर के पास ऐसे पहुंचा प्रश्न पत्र
प्रश्न पत्र बाजार में होने की सूचना भास्कर संवाददाता को मिली। संवाददाता ने बताए गए ठिकाने पर पहुंचकर हस्तलिखित प्रश्न पत्र हाथ में लिया। बाद में उस प्रश्न पत्र को भास्कर ऑफिस से कलेक्टर के दफ्तर में फैक्स कर दिया गया, ताकि परीक्षा से पहले प्रश्न पत्र बाजार में होने के समय की पुष्टि हो सके। शाम साढ़े पांच बजे आरएनटी मेडिकल कॉलेज से पेपर देकर बाहर निकले छात्र छात्राओं से प्रश्न पत्र लिया, जिसमें हूबहू ये प्रश्न पाए गए।
उदयपुर और राजसमंद की परीक्षा की जिम्मेदारी उदयपुर में एमबी नर्सिग कॉलेज प्रशासन पर थी। वहां के प्राचार्य विजया अजमेरा का कहना है कि आरएनटी मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य कक्ष में डबल लॉक में यह प्रश्नपत्र रखे गए थे। वहां से लीक होने का सवाल नहीं उठता। सील उनके सामने ही खोली गई। अब सवाल यह उठ रहा है कि पर्चा आखिर कहां से आउट हुआ। इसका खुलासा जांच के बाद ही होगा।
'जो प्रश्न भास्कर से आए फैक्स में थे, वही बाद में प्रश्नपत्र में मिले। अब इसकी जांच राजस्थान हैल्थ एंड साइंस यूनिवर्सिटी करवा सकती है। प्रश्न पत्र लीक होने की स्थिति में पुन: परीक्षा करवाई जाएगी।'
-विकास एस भाले, कलेक्टर, उदयपुर






