अब होगा शहीद स्मारक का विकास
Source: Dainikbhaskar news | Last Updated 04:38(08/02/12)
उदयपुर. टाउनहॉल स्थित शहीद स्मारक के विकास के लिए दूसरी बार आमंत्रित टेंडर प्रक्रिया में मंगलवार को आखिरकार पांच ठेकेदारों ने रुचि दिखाई। दूसरे दौर की टेंडर प्रक्रिया में सफलता मिलने परिषद को राहत जरूर मिली है। निर्माण समिति अध्यक्ष प्रेमसिंह शक्तावत ने बताया कि टेंडर खोलने का काम पूरा होने के बाद अब रेट का तुलनात्मक अध्ययन कर वर्क ऑर्डर जारी कर दिया जाएगा।
शक्तावत ने बताया कि संभवतया इसी माह ठेकेदार को वर्क ऑर्डर जारी कर दिया जाएगा।तय प्रक्रिया के तहत परिषद ने वर्क ऑर्डर जारी करने के बाद कार्य पूरा करने की समय अवधि 6 माह निर्धारित की है। शहीद स्मारक के विकास पर करीब 48 लाख खर्च होने का अनुमान है। उल्लेखनीय है कि परिषद के पिछले बोर्ड ने शहीद स्मारक के विकास की योजना तैयार की थी। इसके बावजूद यह योजना मूर्त रूप नहीं ले पाई।
क्यों करना पड़ा दूसरा प्रयास : शहीद स्मारक विकास योजना के लिए परिषद ने गत दिनों टेंडर किए थे। उस दौरान तीन ठेकेदारों ने टेंडर कॉपी खरीदी थी,मगर बाद में उनमें से एक ही ठेकेदार ने टेंडर कॉपी जमा करवाई। नियमानुसार किसी भी कार्य के लिए सिंगल टेंडर आने पर टेंडर प्रक्रिया पूरी नहीं की जा सकती। इसी कारण परिषद को टेंडर निरस्त कर दूसरी बार टेंडर आमंत्रित करने पड़े।