गोवर्धन विलास में नहीं बनेंगे जलप्लावन के हालात
Source: Dainik Bhaskar News | Last Updated 04:40(10/02/12)
उदयपुर. यूआईटी ने गोवर्धन विलास क्षेत्र में ड्रेनेज सिस्टम को पुख्ता व व्यवस्थित बनाने की कवायद शुरू कर दी है। इस कार्य के लिए यूआईटी ने गुरुवार को करीब 10 करोड़ के टेंडर जारी कर दिए। इन कार्यो के बाद इस क्षेत्र में बारिश के दिनों में जलप्लावन की स्थिति नहीं बनेगी।
यूआईटी चेयरमैन रूपकुमार खुराना के निर्देशानुसार गोवर्धन विलास क्षेत्र में ड्रेनेज सिस्टम को पुख्ता करने के लिए 11 नालों को पक्का किया जाएगा। यूआईटी के एसई अनिल नेपालिया ने बताया कि टेंडर प्रक्रिया के तहत गोवर्धन सागर से बसंत विहार सेक्टर 14 में नाला निर्माण पर 90 लाख खर्च किए जाएंगे।
बसंत विहार से सेक्टर 14 फूटा तालाब तक 99.22 लाख, फूटा तालाब से सेक्टर 13 / 14 लिंक रोड तक 99.22 लाख, विनायक नगर सवीना से इंद्रप्रस्थ नगर तक 90 लाख, नेला तालाब से इन्द्र प्रस्थ नगर तक 97.40 लाख, सेक्टर 13 / 14 रामसिंहजी की बाड़ी सवीना तक 99.40 लाख, सेक्टर 13 से देवड़ा जी की बाड़ी तक 97 लाख, रामसिंह जी की बाड़ी से सवीना मठ मादड़ी तक 97.16 लाख, मठ मादड़ी से सवीना तक 77 लाख, सवीना खेड़ा से सवीना मठ तक 99.85 लाख तथा सवीना गांव से कृषि मंडी तक नाला निर्माण पर 72.50 लाख खर्च किए जाएंगे। इन सभी नालों के लिए यूआईटी आगामी 24 फरवरी से 2 मार्च तक टेंडर प्रक्रिया पूरी कर लेगी। वर्क ऑर्डर जारी होने के बाद प्रत्येक नाला निर्माण के लिए ठेकेदार को काम पूरा करने 6 माह का समय दिया जाएगा।
बड़ी समस्या का हो सकेगा स्थाई समाधान
इस कार्य के समय रहते होने पर गोवर्धन विलास क्षेत्र में जलप्लावन की समस्या का स्थाई समाधान हो सकेगा। पानी निकासी की पुख्ता व्यवस्था नहीं होने से इस क्षेत्र में बारिश के समय जलप्लावन की समस्या बनी रहती है। यहां तक कई लोगों के तो घरों में पानी घुसने से लोगों की परेशानी और बढ़ जाती है।
यूआईटी चेयरमैन बनने के बाद रूपकुमार खुराना ने ड्रेनेज सिस्टम को सुधारने पर जोर देते हुए गोवर्धन विलास क्षेत्र का दौरा कर वस्तुस्थिति का जायजा लिया था। उस दौरान ने अधिकारियों को यह काम प्राथमिकता से समयबद्धता से करने के निर्देश दिए थे।