शहर में दिनदहाड़े, बेखौफ लूटते रहे
Source: Danikbhaskar news | Last Updated 06:04(07/02/12)
उदयपुर. शहर के प्रमुख इलाकों में सोमवार को दिनदहाड़े तीन लूट की वारदात हुई। करीब दो घंटे में हुई इन वारदात में बदमाशों ने 3 लाख 40 हजार रुपए लूट लिए। तीनों वारदात को एक ही तरह से अंजाम दिया गया, हर वारदात में दो बदमाश थे जो मोटरसाइकिल से फरार हो गए। पुलिस ने शहर में नाकाबंदी कराई और बैंकों के आसपास संदिग्ध लोगों से पूछताछ भी की गई लेकिन कोई सुराग नहीं लगा।
स्कूटर की डिक्की से 2 लाख 46 हजार लूटे
इस वारदात में लूट के शिकार ठोकर चौराहे के पास जयराम कॉलोनी निवासी प्रकाश (50) पुत्र रतनलाल शर्मा हुए। प्रकाश सेक्टर 4 स्थित सहकारी सुपर मार्केट में ब्रांच इंचार्ज हैं। वे दोपहर सवा दो बजे 2.46 लाख रुपए लेकर शास्त्री सर्कल स्थित सहकारी उपभोक्ता भंडार के हेड ऑफिस में जमा करवाने जा रहे थे।
नेहरू हॉस्टल के पास पीछे से सफेद रंग की मारुति ने उसके स्कूटर को टक्कर मार दी। इससे शर्मा स्कूटर सहित मुंह के बल गिर गए और बेसुध हो गए। इस बीच मोटर साइकिल पर दो युवक आए और स्कूटर की डिक्की से 2.46 लाख रुपए निकाल लिए। इसके बाद दोनों युवक सेवाश्रम पुलिया की ओर भाग गए।
दुकान के काउंटर से 74 हजार रुपए ले भागे
यह वारदात हिंद जिंक स्मेल्टर के जावर माइंस में कार्यरत परसाद निवासी छगनलाल (48) पुत्र भीमजी चौधरी के साथ हुई। छगनलाल ने मकान के निर्माण का सामान खरीदने के लिए 85 हजार रुपए पंचवटी स्थित एक्सिस बैंक से निकलवाए।
इनमें से 11 हजार रुपए वापस जमा करा दिए। वे दोपहर डेढ़ बजे न्यू अश्विनी बाजार में बावजी आयरन एंड सेनेट्री स्टोर पर खरीदारी करने पहुंचे। उनके बैग में 74 हजार, राशन कार्ड, चेकबुक, परिचय पत्र था। बैग काउंटर पर रखकर वे दुकानदार रियाज खान से बातचीत करने लगे। इस बीच बाइक पर दो उचक्के आए। इनमें से एक काउंटर पर रखा बैग लेकर दौड़ा और बाइक स्टार्ट कर खड़े साथी के साथ फरार हो गए।
रिटायर्ड डॉक्टर से 20 हजार लूटे
एमबी अस्पताल परिसर में वागड़ धर्मशाला के पास रिटायर्ड डॉक्टर कलबे अब्बास (65) पुत्र इस्माइल अली से बाइक सवार दो बदमाश 20 हजार लूट ले गए। यह वारदात अपराह्न् साढ़े तीन बजे हुई। डॉ. कलबे ने चेतक सर्कल स्थित एसबीबीजे बैंक से रुपए लेकर बैग में रखे। बैग लेकर वे वागड़ धर्मशाला के बाहर पहुंचे ही थे कि मोटर साइकिल पर आए दो युवक आए और बैग ले भागे।