शिरडी के लिए चली रोडवेज बस
Source: Dainik Bhaskar News | Last Updated 04:59(09/02/12)
उदयपुर. राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम की ओर से शिरडी के लिए बुधवार से बस शुरू कर दी गई। दोपहर करीब पौने दो बजे एचआरएच ग्रुप के लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ ने सेमी डीलक्स टू-बाय-टू स्लीपर बस को हरी झंडी दिखाई। इस अवसर पर सांसद रघुवीर सिंह मीणा और कांग्रेस देहात जिला अध्यक्ष लाल सिंह झाला भी उपस्थित रहे।
सांसद ने कहा कि इस बस की काफी समय से आवश्यकता थी। यात्रियों को उदयपुर से शिरडी के लिए अब नियमित बस मिल सकेगी। रोडवेज के मुख्य प्रबंधक रतन लाल मीणा ने बताया कि बस गुरुवार सुबह करीब पौन आठ बजे अहमदाबाद, सूरत, बड़ौदा, बारडोली, सापुतड़ा से नासिक होते हुए शिरडी पहुंचेगी। वहां से बस दोपहर 12.30 बजे रवाना होगी। बस में 27 सिटिंग व 15 स्लीपर हैं।
द्वारिका, सोमनाथ के लिए भी प्रयास : जोनल मैनेजर देवेन्द्र व्यास ने बताया कि शिरडी के लिए बस चलने के बाद अब हमारा अगला लक्ष्य द्वारिका, सोमनाथ और राजकोट के लिए सीधे बस शुरू करना है। संबंधित राज्यों में बस चलाने की स्वीकृति मिलने और विभागीय कार्यवाही के बाद इन स्थलों पर भी बस सेवा शुरू कर देंगे। हमारा उद्देश्य है कि लोगों को उदयपुर से ज्यादा से ज्यादा धार्मिक स्थलों के लिए सीधी बस मिल सके।
ऑनलाइन बुकिंग में सुधार
निगम की ओर से शुरू की गई ऑनलाइन टिकट बुकिंग की सेवा में भी सुधार किए गए हैं। अब सभी कंडेक्टर को इलेक्ट्रॉनिक टिकट मशीन (ईटीएम) विद जीपीआरएस दी जाएगी। इससे कंडेक्टर बस में बैठे-बैठे ही हर जगह से की गई प्रत्येक सीट की बुकिंग की जानकारी ले सकेंगे। इससे एक ही सीट पर होने वाली दो बुकिंग जैसी समस्याएं खत्म हो जाएंगी। इसके अलावा यात्रियों की सुविधा के लिए शिरडी की ऑनलाइन बुकिंग भी शुरू कर दी गई है।
उदयपुर से किराया
स्टेशन सिटिंग स्लीपर
अहमदाबाद 199 249
बड़ौदा 244 294
बारडोली 312 362
सापुतड़ा 352 402
नासिक 442 492
शिरडी 544 594
(किराया रुपयों में)