पारा गिरा, फिर छूटी धूजणी
Source: Dainik Bhaskar News | Last Updated 04:34(10/02/12)
उदयपुर. शीतलहर के चलते बुधवार को पारा 3.6 डिग्री लुढ़क गया। यूनिवर्सिटी कैंपस का तापमान तो शून्य के आसपास पहुंच गया। मौसम के एक बार फिर करवट बदलने से लोगों की सेहत बिगड़ने लगी है। दो दिन पहले तक सर्दी कम होने का अहसास कर रहे लोगों का एक बार फिर धूजणी से वास्ता पड़ गया।
शादी आयोजन स्थलों पर जल्दी ही सन्नाटा पसर गया। स्कूलों में बुधवार से ही जल्दी का समय हुआ था और इसी दिन से बर्फानी हवाओं ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया, ठंडी हवाएं गुरुवार को भी जारी रहीं। खासी परेशानी बच्चों को सुबह उठने और तैयार होकर स्कूल जाने की रही।
छोटे बच्चों को स्कूल प्रशासन ने भी धूप में प्रार्थना करवाई। यही नहीं कई स्कूल तो धूप में ही चलाए गए। इधर, दिनभर शीतलहर का असर कायम रहा और पारा मामूली गिरता मिला। मौसम विभाग के अनुसार दिन का पारा 6.6 से गिरकर 3 डिग्री हो गया, जबकि दिन का पारा 19.8 से गिरकर 19.4 हो गया।
फिर छुट्टी की जिद
हाड़ कंपाती सर्दी के चलते गुरुवार सुबह एक बार फिर बच्चे छुट्टी की जिद करने लगे। पारा 3 डिग्री पर पहुंचने के साथ ही अभिभावक भी फोन कर छुट्टी के बारे में पूछते रहे। गौरतलब है कि सरकार ने भी पारा 5 डिग्री से नीचे जाने पर छुट्टी के आदेश दे रखे हैं। हालांकि, कलेक्टर ने देर रात तक ऐसे कोई आदेश जारी नहीं किए।